नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी को लेकर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी खरगे की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ आज देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। दरअसल, पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान एक शख्स द्वारा यह कहे जाने पर पीएम मोदी कहीं जाएंगे, जवाब में गुस्से में आकर यह टिप्पणी की थी। अब बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया है।
बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए। आज देशभर में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। बीजेपी आज हर जिला मुख्यालय पर प्रोटेस्ट कर रही है। पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकाल रही है और पुतला दहन करेगी।
बीजेपी ने कहा कि खरगे ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पहले गुंडों और बदमाशों से जुड़ी मानी जाती थी। पार्टी ने इसे कांग्रेस की ‘वैचारिक दिवालियापन’ का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल के बजाय 'माफिया गैंग' जैसी दिखने लगी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की 'अशोभनीय राजनीति' को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। इस बीच खरगे के लिए एक और मुसीबत खड़ी हो गई है। उनके खिलाफ पटना के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।