मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में एक 5 महीने की गर्भवती महिला और उसकी छोटी बहन शामिल हैं। हादसे में महिला का पति और डेढ़ साल की मासूम बेटी भी घायल हो गए। यह दुर्घटना गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी।
दूधाखेड़ी माता के दर्शन कर घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन जिले के नाग गुराड़िया निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सपना, डेढ़ साल की बेटी सोमिया और साली राधा के साथ बाइक से दूधाखेड़ी माता के दर्शन करने आए थे। बुधवार को दर्शन करने के बाद पूरा परिवार बाइक से अपने गांव वापस लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2:20 बजे गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास मंदसौर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 5 महीने की गर्भवती सपना और उसकी बहन राधा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे अर्जुन और उसकी डेढ़ साल की बेटी सोमिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
Image Source : reporter inputघायल शख्स अपने परिवार को हादसे की जानकारी देते हुए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अर्जुन और मासूम बच्ची को गरोठ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने पर गरोठ पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों मृत महिलाओं के शवों को अस्पताल भिजवाया। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने ट्रक किया जब्त
घायल अर्जुन ने बताया कि परिवार दूधाखेड़ी माता के दर्शन करने के बाद अपने गांव नाग गुराड़िया लौट रहा था। इसी दौरान गरोठ 8-लेन के कनेक्टिंग फोर-लेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गरोठ थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के निर्देश पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे की जांच कर रही है।
वहीं, एक अन्य मामले में सीहोर के बुधनी मिडघाट नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौत हो गई।
(रिपोर्ट- अशोक परमार)
यह भी पढ़ें-
राजस्थान में खौफनाक हादसा, रोड बनाते समय करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, कैसे हुई ये घटना?
स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, मोटर साइकिल सवार 2 लोगों की मौके पर मौत, CCTV में कैद एक्सीडेंट की घटना