1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मकान के पैसों का लालच बना खूनी साजिश की वजह, भाई, पत्नी और साले ने मिलकर की गला घोंटकर की हत्या

मकान के पैसों का लालच बना खूनी साजिश की वजह, भाई, पत्नी और साले ने मिलकर की गला घोंटकर की हत्या

आरोपियों ने मृतक के सिर पर डंडे से वार किया। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सूनसान इलाके में जाकर फेंक दिया।

आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नई आबादी थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक ईसमाइल उर्फ भूरा, निवासी मदरपुरा की हत्या उसके ही भाई, पत्नी और साले ने मिलकर की थी। हत्या के पीछे मकान बेचकर मिलने वाली रकम और पारिवारिक विवाद को वजह बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार (15 सितंबर 2026) को ईसमाइल के भाई मोहम्मद ईशाक ने सूचना दी थी कि उसका भाई खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। डायल-112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

‘फरियादी’ बनकर थाने पहुंचा भाई, जांच में खुद ही घिरा! 

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल के भौतिक सत्यापन के साथ मृतक के भाई से पूछताछ की गई। पूछताछ और सामने आए साक्ष्यों को जोड़ने पर पुलिस को हत्या की साजिश का पता चला।

पुलिस का दावा है कि मकान बेचकर मिलने वाली रकम को लेकर मृतक और उसके भाई के बीच विवाद चल रहा था। इसके अलावा पुलिस ने मृतक द्वारा शराब के नशे में घर में झगड़ा और मारपीट करने की बात भी जांच में सामने आने की जानकारी दी है।

पहले सिर पर डंडा, फिर गला घोंटकर हत्या!

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर मृतक के सिर पर डंडे से वार किया और इसके बाद उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया, ताकि मौत को हादसा या सामान्य घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस के मुताबिक, मामले को उलझाने के लिए मृतक का भाई खुद फरियादी बनकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई, लेकिन जांच में सामने आए साक्ष्यों ने कथित साजिश की परतें खोल दीं। 

दो गिरफ्तार, साला फरार 

पुलिस ने मामले में मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन, उम्र 30 साल, निवासी मदरपुरा और मुस्कान पति ईसमाइल, उम्र 24 साल, निवासी मदरपुरा को गिरफ्तार किया है। वहीं, शाकिर पिता बब्बू खां, निवासी नई फतेहाबाद, जिला मंदसौर को फरार आरोपी बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।

अशोक परमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

चार बेटों ने नहीं दी मां को मुखाग्नि, समाजसेवी संस्था ने निभाया अंतिम संस्कार का फर्ज, वृद्धाश्रम में 8 महीने हुई थी देखभाल