मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक किसान के पशुओं के बाड़े से कोबरा सांप के 60 बच्चे निकले हैं। इन विषैले सांप के बच्चे देखकर गांव के लोग हैरान हर गए। एक सर्प मित्र को जब इस बारे में पता चला तो वह मौके पर पहुंचे और सभी सापों को रेस्क्यू करके ले गए। उन्होंने पहले सभी कोबरा सांपों को एक डिब्बे में बंद किया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति या जीव को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कोबरा सांप का वीडियो काफी डरावना है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना मंदसौर जिले के साबाखेड़ा गांव की है। यहां रहने वाले गोपाल पिता चम्पालाल वासिठा दायमा के कुएं पर पशुओं के बाड़े के पास अचानक कोबरा सांप के छोटे-छोटे बच्चे निकलने लगे। ये बच्चे खोखली जमीन के अंदर से निकल रहे थे। सांप निकलने की सूचना कुएं के मालिक ने सांप पकड़ने वाले दुर्गेश पाटीदार को दी। सूचना मिलने पर तुरंत सांप प्रेमी दुर्गेश पाटीदार मौके पर पहुंचे और उन्होंने सांपो का रेस्क्यू किया। सर्प मित्र दुर्गेश पाटीदार का कहना है कि, गड्ढे से करीब सौ सांप निकले थे। जिनमें से 60 का रेस्क्यू कर उन्हें नजदीकी जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
सांपों को डिब्बे में बंद कर जंगल में छोड़ा
दुर्गेश पाटीदार ने जब खोखली जमीन से निकल रहे कोबरा सांप के बच्चों को एक-एक कर पकड़ना शुरू किया तो संख्या 60 तक पहुंच गई। दुर्गेश पाटीदार ने सभी सांप के बच्चों को एक डिब्बे में भरा और उन्हें कुएं से दूर ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। डीएफओ का कहना है कि, यह सेंट्रल इंडिया का सबसे खतरनाक सांप है। जिसे कोबरा सांप कहा जाता है। इस सांप में पैदाइश से ही इतना जहर होता है कि, यह आदमी की जान ले सकता है।
जिला फॉरेस्ट अधिकारी का बयान
इस मामले में जिला फॉरेस्ट अधिकारी संजय रायखेड़े से संपर्क साधा तो उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें बाड़े से निकले कोबरा सांपों के बच्चों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन बरसात के मौसम में फीमेल कोबरा 20 से 40 अंडे देती है। जैसे ही बच्चे अंडे से बाहर निकलते हैं, फीमेल कोबार उन्हें छोड़कर चली जाती है। इसके बाद ये बच्चे खुद ही सरवाइव करते हैं।
(मंदसौर से अशोक परमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
'ऑपरेशन कालनेमि' के तहत फर्जी साधुओं पर शिकंजा, पकड़े गए आरोपियों में कई मुसलमान भी शामिल
Video: केरल में सीपीएम सांसद के जीजा की गुंडागर्दी, अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और अटेंडर पर किया हमला