1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. चलती कार में लगी भीषण आग, दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज; सामने आया वीडियो

चलती कार में लगी भीषण आग, दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज; सामने आया वीडियो

ग्वालियर में एक चलती कार में आग लग गई। कार ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि कार धूं-धूं जल रही है।

चलती कार में लगी भीषण आग - India TV Hindi
Image Source : REPORTER चलती कार में लगी भीषण आग

ग्वालियर: शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर रोड पर बुधवार देर रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कुछ ही देर बाद कार से जोरदार धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। 

धमाके के साथ धूं-धूं जली कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में धुआं उठता देख चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया और फुर्ती दिखाते हुए कार से बाहर कूद गया। इससे उसकी जान बच गई। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। कार से धमाके की आवाज आने के बाद आसपास मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कार में आग शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। गाड़ी का नाम mp 07 th 1239 है।  

यहां देखें वीडियो

वीडियो हो रहा वायरल

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। साथ ही यातायात को भी सुचारु कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिस पर लोग अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं।

इससे पहले जून महीने में भी इसी तरह की आग खंडवा जिले में एक कार में लगी थी। इंदौर–एदलाबाद नेशनल हाईवे पर डुलहार गांव के पास चलती कार में भीषण आग लग गई थी। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहीं, दो महीने पहले डबरा-ग्वालियर हाईवे पर तेज़ रफ़्तार कार बिजली के खंभे से टकरा गई थी और इसके बाद आग लगने से दो दोस्तों की जलकर मौत हो गई थी।

ये भी पढ़ेंः इंदौर में रोड रेज का खौफ, ओवरटेक कर बाइक सवारों ने कारोबारी दंपति की कार पर फोड़ी बोतल, एक्शन में आई पुलिस