खंडवा जिले में इंदौर–एदलाबाद नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंधाना थाना क्षेत्र के डुलहार गांव के पास चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार कार में एक ही परिवार के कई सदस्य सवार थे और महाराष्ट्र से इंदौर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक को कार से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और सभी परिवारजनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ड्राइवर की सतर्कता और समझदारी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों की जान बच गई।
चंद मिनटों में आग का गोला बनी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर की। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे के बाद परिवार के सदस्य काफी घबराए हुए थे। प्रारंभिक आशंका है, कि कार में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आग के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
हालांकि अभी तक वाहन में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है और ये अंदेशा लगाया जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट के वजह से आग लग सकती है। हालांकि अभी तक इसकी पु्ष्टि नहीं हो पाई है। राहत की बात ये है कि ये हादसा बाल बाल टल गया है और किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।
रिपोर्ट: प्रतीक मिश्रा, खंडवा
राजगढ़ के ब्यावरा में ₹1354 करोड़ का सरकारी गेहूं का चट कर गए कीड़े, FCI की रिपोर्ट में खुलासा