1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. स्कूल वैन से टक्कर के बाद बाइक सवार की मौत, रेत माफिया की लापरवाही से हुआ हादसा

स्कूल वैन से टक्कर के बाद बाइक सवार की मौत, रेत माफिया की लापरवाही से हुआ हादसा

सीहोर में रेत माफिया की मनमानी के कारण एक बाइक सवार की मौत हो गई। रास्ते में फैली रेत के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर स्कूल वैन से टकरा गई।

crime news- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT स्कूल वैन से टक्कर के बाद बाइक सवार की मौत

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक बाइक सवार की मौत की खबर सामने आई है, जो रेत माफिया की लापरवाही की वजह से हुआ है। सीहोर जिला अंतर्गत लाड़कुई सिंगपुर मार्ग पर एक बार फिर रेत माफिया की लापरवाही का खूनी खेल सामने आया है। मार्ग पर फैली रेत के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर स्कूल वैन से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंगपुर निवासी राजेश बारेला के रूप में हुई है।

रेत माफिया की लापरवाही से बाइक सवार की मौत

मध्य प्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लाड़कुई और सिंहपुर के बीच मुख्य मार्ग पर रेत बिखरी हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार राजेश बारेला का वाहन रेत पर अचानक फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सीधे सामने से आ रही एक स्कूल वैन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का साफ तौर पर कहना है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि रेत माफिया की मनमानी के कारण की गई हत्या है। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों का कहना, 'रेत माफिया अपनी गाड़ियों में ओवरलोड रेत भरकर तेज रफ्तार से निकलते हैं, जिससे सड़कों पर रेत फैल जाती है। प्रशासन की अनदेखी के कारण आज एक और मासूम जान चली गई।'

​पुलिस ने शुरू की जांच

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और सड़क पर रेत फैलने के कारणों व जिम्मेदार वाहनों का पता लगाया जा रहा है।

(इनपुट - राहुल मालवीय)

ये भी पढे़ं- सोनभद्र में रफ्तार का कहर, ट्रक से भिड़ी बाइक, तीन युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत

नदी के तेज बहाव में बह गए बाइक सवार, ग्रामीणों की सूझबूझ ने बचाई जान; वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल