सोनभद्र में तेज रफ्तार ने एक ही पल में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पिपरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
तीनों युवक एक ही बाइक पर थे सवार
यह दर्दनाक दुर्घटना पिपरी थाना क्षेत्र के मड़ैयाकुरली हवाई पट्टी के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज गति बनी मौत की वजह
पिपरी के क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार सामने आ रही है। पहली नजर में ऐसा प्रतीत होता है कि तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनभद्र में पिछले महीने ऐसा ही एक हादसा हुआ था। पिकनिक मनाने गए तीन दोस्त पहाड़ी नाले के तेज बहाव में बह गए। यह दुखद घटना सोनभद्र के मांची थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पड़वा नाला में घटी। यहां अली हसन, सुक्तार और बबलू पिकनिक मनाने और घूमने आए थे। तीनों दोस्त नाले में उतरकर नहा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी इलाकों में अचानक हुई भारी और तेज बारिश की वजह से नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और उसमें अचानक बाढ़ आ गई। पानी का बहाव इतना जोरदार और तेज था कि तीनों लड़के खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में बह गए।
(रिपोर्ट: परमेश्वर पुष्कर)
यह भी पढ़ें:
सोनभद्र में मानसून की पहली बारिश बनी आफत; पहाड़ी नाले में बहे तीन लोग, एक का शव बरामद
सोनभद्र में नाले की झाड़ियों से मिला नर कंकाल, इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस