मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने पाकिस्तानी साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक गैंग पकड़ी है, जो ग्वालियर के एक होटल से संचालित हो रही थी। ठगी के इस अड्डे से मुरैना और धौलपुर के चार एजेंट गिरफ्तार किए गए हैं। इस गैंग के तार पाकिस्तान से जुड़े हुए निकले। पुलिस ने सिटी सेंटर के कैलाश विहार में स्थित एक होटल के एक कमरे पर छापा मारा। होटल एच जी से सायबर ठगों का एक इंटरनेशनल गैंग पकड़ा गया। यह गैंग होटल के कमरे में कंट्रोल रूम बनाकर देश भर में ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पूछताछ के दौरान इस गैंग के बारे में बड़ा खुलासा हुआ है। गैंग में शामिल लोग पाकिस्तान के कंट्री कोड वाले नंबर से ही ठगी में उपयोग किए जाने वाले म्यूल बैंक खातों का नेटवर्क ऑपरेट कर रहे थे।
लैपटॉप और दर्जनों फोन बरामद
एसएसपी धर्मवीर सिंह को सूचना मिली थी कि कैलाश विहार के होटल एच जी के एक कमरे में कुछ युवक रुके हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। संदिग्ध युवक लैपटॉप और दर्जनों मोबाइल का उपयोग करते हैं। इस सूचना पर पुलिस ने जब दबिश देकर छानबीन की तो वहां चार लोग पकड़े गए। इन लोगों से पूछताछ में पता चला कि वे साइबर ठगी में लिप्त हैं और म्यूल खातों का नेटवर्क ऑपरेट कर रहे थे। जांच में इन लोगों का पाकिस्तान कनेक्शन भी निकला है।
लगातार पाकिस्तानी आकाओं से बात कर रहे थे आरोपी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों के मोबाइल में पाकिस्तान के कंट्री कोड +92 वाले नंबरों से लगातार वॉट्सएप मैसेज और कॉल आ रहे थे। इन लोगों को पाकिस्तान में बैठा व्यक्ति निर्देश दे रहा था कि किस खाते में ठगी का पैसा मंगाना है और उसको आगे किस नंबर के खाते में ट्रांसफर करना है। पूछताछ में पता चला कि यह गैंग भोले भाले लोगों को लालच देकर फंसाता था और उनके बैंक एकाउंट खुलवाकर उन्हें किराए पर लेकर उनमें ठगी की रकम मंगाता था।
म्यूल खातों में मंगाते थे पैसे
ठग शिकार व्यक्ति से सीधे अपने खाते में रकम नहीं मंगाते थे, बल्कि म्यूल खातों के जरिए मंगवाकर उस रकम को विदेश भेजने का काम करते थे। पुलिस ने होटल के रूम से लैपटॉप, अनेक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और अनेक चैक बुक बरामद की। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे अब तक कितने करोड़ की ठगी का पैसा विदेश भेज चुके हैं।
(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
CCTV Video: युवती को बेटी के साथ जबरन उठा ले गया प्रेमी, देखते रह गए बेबस माता-पिता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने नए CM शुभेंदु को दी बधाई, कहा- आज से पश्चिम बंगाल में नवयुग का शुभारंभ