मध्य प्रदेश के शिवपुरी में हथियारों से लैस 11 लोगों ने एक महिला और तीन माह की मासूम का हथियारों की नोक पर अपहरण कर लिया। घटना शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में शिवपुरी पब्लिक स्कूल के सामने की कॉलोनी में हुई। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर 11 आरोपियों के खिलाफ के दर्ज कर लिया है।
शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली महक गुहारिया का करेरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते वह लिव इन में पुष्पेंद्र के साथ इंदौर में रह रही थी, लेकिन अक्टूबर 2025 में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और महक शिवपुरी आ गई।
युवती की मां ने लगाए गंभीर आरोप
शुक्रवार रात पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ हथियार लेकर महक के घर पहुंचा और उसका अपहरण कर लिया। महक की मां नीलम का आरोप है कि पुष्पेंद्र चार दिन पहले भी आया था और महक को हाईवे पर ले गया था, जहां उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस थाने गए थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ आया और महक के साथ उसकी बेटी का अपहरण कर अपने साथ ले गया।
महक और पुष्पेंद्र का वीडियो वायरल
पुलिस का कहना है कि महक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक नामजद और 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। महक का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी मर्जी से पुष्पेंद्र के साथ जाने की बात कह रही है। इस पूरे घटनाक्रम से जहां शहर के लोग दहशत में हैं तो वहीं लोगों का तर्क है कि यदि प्रेमी के साथ में ही रहना था तो अपहरण का नाटक क्यों रचा गया।
(शिवपुरी से केके दुबे की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने नए CM शुभेंदु को दी बधाई, कहा- आज से पश्चिम बंगाल में नवयुग का शुभारंभ
छुट्टी मनाने आया पुलिसकर्मी खंडवा में पेड़ पर लटका मिला, 20 दिन पहले हुई थी सगाई