भोपाल के हबीबगंज थाने में बंटी राय उर्फ लड्डू और उसके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मी से मारपीट कर वर्दी तक फाड़ दी। हबीबगंज थाना क्षेत्र के साईं बाबा नगर मल्टी में हुए विवाद के चलते निगरानी शुदा बदमाश लड्डू राय और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। बताया जा रहा है कि बदमाश बंटी राय मारपीट के मामले में एक पक्ष की तरफ से आया था। थाने में दूसरे पक्ष से विवाद के दौरान बदमाश बंटी राय का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, साईं बाबा नगर मल्टी में दो पक्षों में विवाद हुआ था जिसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई पुलिस कर रही थी तभी निगरानी शुदा बदमाश लड्डू राय 5 लोगों के साथ वहां पहुंचा। उसने दूसरे पक्ष को धमकाया और पुलिस के रोकने पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की करने लगा।
बंटी राय ने एक पुलिसकर्मी से मारपीट की। इतना ही नहीं उसने जवान की वर्दी भी फाड़ दी। थाने में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी कई पुलिसकर्मियों के साथ बहस करते, झूमाझटकी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बंटी राय समेत 6 लोग गिरफ्तार
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। हबीबगंज पुलिस ने बंटी राय समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है। इससे पहले एमपी के पन्ना जिले के बृजपुर की शासकीय कन्या माध्यमिक शाला पढ़ाई की जगह मारपीट का अखाड़ा बन गई थी। यहां शिक्षिकाओं के बीच विवाद और हाथापाई का मामला सामने आया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस बुलानी पड़ गई थी।
देखें वीडियो-
छतरपुर में विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला
उधर, छतरपुर के ईशानगर थाना क्षेत्र के पहाड़गांव में दो पक्षों के विवाद को रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। इस हमले में कांस्टेबल दानिश खान के सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि गांव में मूर्ति विसर्जन को लेकर दो समाज के लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थर और लाठी-डंडे चले। सूचना मिलने पर ईशानगर पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट कर दी। इसमें एक महिला कांस्टेबल के साथ भी मारपीट की गई। कांस्टेबल दानिश खान घायल हो गए।
घटना की जानकारी लगते ही जिले के अन्य थानों का पुलिस बल ईशानगर थाने पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल इलाके में शांति है।
यह भी पढ़ें-
दमोह में मां ने तीन बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी कूदी, 3 की मौत, 5 साल की बेटी की बची जान