रणबीर कपूर ने दशहरा के मौके पर दिए गए अपने हालिया भाषण के लिए माफी मांगी है, जिसकी वजह से वह सोशल मीडिया पर चर्चा में थे। उन्होंने बताया कि यह बस जुबान फिसलने की वजह से हुआ था। अब चेन्नई में नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' के म्यूजिक और ऑडियो लॉन्च के दौरान एक्टर रणबीर कपूर ने इस घटना का जिक्र किया। अपनी बात स्पष्ट करते हुए और अपनी गलती मानते हुए, उन्होंने अपनी 2011 की फिल्म 'रॉकस्टार' के एक यादगार गाने को भी याद किया। उनके भाषण के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी 'जुबान फिसल गई थी' और सफाई देते हुए कहा कि वे असल में क्या कहना चाहते थे।
दशहरा भाषण के लिए रणबीर कपूर ने मांगी माफी
ऑनलाइन वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को चेन्नई में रामायण ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम के दौरान एक्टर ने अपनी बात को स्पष्ट किया। दरअसल, कोलकाता में दशहरा इवेंट में रणबीर कपूर से एक गलती हुई थी, जिसके बारे में अब बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं इस मौके का इस्तेमाल करके कल हुई एक घटना के लिए माफी मांगना चाहता हू। मैं दशहरा कार्यक्रम में था और वहां मुझसे बोलते समय एक चूक हो गई, जिसे अक्सर 'जुबान फिसलना' कहा जाता है। मैं असल में यह कहना चाहता था- बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की ही होगी।'
रणबीर कपूर ने कहा -'बर्बाद करें अल्फाज मेरे'
माफी मांगते हुए एक्टर रणबीर कपूर ने आगे कहा, 'इससे मुझे ए.आर. रहमान सर और रॉकस्टार्स के साथ किए गए अपने एक काम की याद आती है जैसा कि कहा गया है, जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे। इसलिए, मैं इसके लिए सच में माफी मांगता हूं।' सॉल्ट लेक के सेंट्रल पार्क में 'सॉल्ट लेक सांस्कृतिक संसद' द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम 'राम की अयोध्या' थी। इस मौके पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी और एक्टर रवि दुबे भी मौजूद थे।
दुनियाभर में कब रिलीज होगी 'रामायण पार्ट 1'
'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 4000 करोड़ वाली इस फिल्म को नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने 8 बार ऑस्कर जीतने वाली कंपनी 'DNEG' और यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगा और दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा।
'रामायण' कितनी भाषा में देख सकते हैं
रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर यह फिल्म पूरे भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे IMAX में भी दिखाया जाएगा। भारत को छोड़कर बाकी दुनिया भर में इस फिल्म को 'सोनी पिक्चर्स' डिस्ट्रीब्यूट करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में इसे 'धर्मा प्रोडक्शन्स' डिस्ट्रीब्यूट करेगी।
(Input - ANI)
ये भी पढ़ें - 'रामायण' से यश का रौद्र रूप आया सामने, 'रावण तांडव' कर जीता दिल, वीडियो वायरल