1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. महिला वार्ड में तड़पती रही मरीज, डॉक्टर के इंतजार में चली गई जान, डिंडोरी जिला अस्पताल का मामला

महिला वार्ड में तड़पती रही मरीज, डॉक्टर के इंतजार में चली गई जान, डिंडोरी जिला अस्पताल का मामला

मृतक महिला के परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला का ब्लड प्रेशर लगातार कम और ज्यादा हो रहा था, लेकिन डॉक्टर नहीं आए और महिला की जान चली गई।

Dindori District Hospital- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डिंडोरी जिला अस्पताल

डिंडौरी जिला चिकित्सालय से एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। महिला वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज नरबदिया बाई बनवासी की कथित तौर पर डॉक्टर की गैरमौजूदगी और स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के बीच मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मरीज नरबदिया बाई बनवासी पति संतोष बनवासी उम्र लगभग 54 वर्ष निवासी खाल्हे दूधी जिला अनूपपुर की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने कई बार डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को बुलाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक कोई डॉक्टर वार्ड में नहीं पहुंचा। 

परिजनों का कहना है कि महिला बीपी की पेसेंट थी और उसे तेज बुखार आने पर 108 एंबुलेंस की मदद से 23 जुलाई को जिला अस्पताल डिंडोरी में भर्ती कराया गया था। मृतक महिला के परिजन विजय कुमार बनवासी ने बताया समय पर इलाज मिल जाता तो महिला की जान बच सकती थी, लेकिन डॉक्टर और नर्स की लापरवाही ने उनके मरीज की जान ले ली। पिछले महीने सागर में अस्पताल की लापरवाही के कारण मासूम बच्चे की आंख की रोशनी जाने का मामला सामने आया था।

काफी देर तक नहीं पहुंचा डॉक्टर

महिला की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। आरोप है कि जिला चिकित्सालय के महिला वार्ड में भर्ती महिला मरीज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उन्होंने तत्काल ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाई, लेकिन काफी देर तक कोई चिकित्सक वार्ड में नहीं पहुंचा। 

इलाज में देरी के कारण महिला की मौत

आरोप है कि इलाज में हुई देरी के कारण महिला ने वार्ड में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की है। परिजनों ने बताया कि महिला डिस्चार्ज होने वाली थी और वह उसकी छुट्टी कराने आए थे, लेकिन अस्पताल की लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई।

अस्पताल प्रबंधन का पक्ष आना बाकी

फिलहाल इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। यदि परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

(डिंडौरी से दीपक कुमार नामदेव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बड़ा हादसा, बेकाबू कार तालाब में गिरी; गाड़ी में सवार सभी 5 लोगों की मौत

भोपाल में खाकी हुई शर्मसार! 17 साल की नाबालिग से रेप मामले में 2 आरक्षक गिरफ्तार