1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. चाय के विवाद में देवर बना हैवान, भाभी की बेरहमी से की हत्या; भतीजे के सामने मार डाला

चाय के विवाद में देवर बना हैवान, भाभी की बेरहमी से की हत्या; भतीजे के सामने मार डाला

एमपी के रायसेन में देवर ने भाभी की हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक चाय बनाने से मना करने पर गुस्से में उसने भाभी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या का आरोपी गिरफ्तार। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हत्या का आरोपी गिरफ्तार।

रायसेन: रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में देवर ने अपनी ही भाभी को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, खोहा निवासी खेमचंद मालवीय सुबह खेत पर काम के लिए घर से निकला था। घर पर उसकी पत्नी पूजा मालवीय (32) अपने 8 वर्षीय बेटे ऋतिक के साथ मौजूद थी। सुबह करीब साढ़े 9 बजे पूजा किचन में खाना बना रही थी, तभी उसका देवर रामू मालवीय (27) वहां पहुंचा और चाय बनाने को कहा। पूजा ने किसी कारणवश चाय बनाने से मना कर दिया। 

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी

चाय बनाने से मना करने पर रामू का गुस्सा बेकाबू हो गया। गुस्से में उसने पास रखा डंडा उठाया और पूजा के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। पूजा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आरोपी तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी भाभी ने दम नहीं तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकला, जहां उसके बड़े भाई गणेशराम ने उसे खून से सना देखा। पूछने पर उसने ठंडे लहजे में कहा “मैंने भाभी को मार डाला” और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने कुछ ही घंटे में किया गिरफ्तार

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को सांची सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर चंद घंटों में ही घर से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। जानकारी के मुताबिक खोहा निवासी किशनलाल के 5 लड़के हैं। हत्यारा रामू सभी भाइयों में सबसे छोटा है। पांचों भाई गांव में ही अलग अलग घरों में रहकर खेती बाड़ी का कार्य करते हैं। आरोपी रामू की शादी अभी नही हुई थी। (इनपुट- अम्बुज माहेश्वरी)

यह भी पढ़ें-

जिन्न और तांत्रिक शक्तियों के नाम पर साइबर क्राइम, युवती से 15.93 लाख की ठगी