मध्य प्रदेश के जबलपुर में फर्जी बैंक खातों से जुड़े ATM कार्ड बेचने का अवैध रैकेट चलाने वालों का पर्दाफाश हो गया है। इस धोखाधड़ी मामले से जुड़ा एक आरोपी गिरफ्तार हो गया है। दरअसल, जबलपुर की बेलबाग पुलिस ने फर्जी बैंक अकाउंट से जुड़े ATM कार्ड बेचने वाले एक गैर-कानूनी रैकेट को बेनकाब कर दिया है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए, बताया कि इस नेटवर्क से जुड़ा एक आरोपी को गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी की पहचान आधारताल के न्यू कंचनपुरा निवासी सौरभ कुमार रजक के तौर पर हुई है, जिसे गाड़ी चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
फर्जी ATM बेचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश
फर्जी खातों के ATM से अवैध कमाई कर रहे इस कारोबार का भंडाफोड़ करते ही हलचल मच गई। तलाशी के दौरान पुलिस को सबूत के तौर पर 10 अलग-अलग बैंकों के ATM कार्ड, 20 हजार नकद, एक मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन वाली एक्सेस स्कूटर मिली। पूछताछ के दौरान सौरभ ने बताया कि वह रोहित नाम के व्यक्ति के लिए काम करता था। उसने रोहित के कहने पर कैश डिपॉजिट मशीनों के जरिए अलग-अलग बैंक अकाउंट में पैसे जमा करने की बात मानी और इस काम को अंजाम दिया।
अवैध ATM कारोबार केस में आरोपी का खुलासा
पुलिस ने उसका मोबाइल फोन चेक किया तो 'नितिन 3333' नाम से सेव कॉन्टैक्ट के साथ व्हाट्सएप चैट मिलीं। इन चैट में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट की जानकारी, लॉगिन ID, पासवर्ड और पासबुक की जानकारी थी, जिससे पता चलता है कि यह एक सुनियोजित काम था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने अपने नाम से पांच अलग-अलग बैंकों में अकाउंट खुलवाए थे। जांच में पता चला कि इनमें से कुछ अकाउंट गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस और साइबर क्राइम
पुलिस की दी गई जानकारी के अनुसार यह गैंग लोगों के नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाकर और बाद में उनके ATM कार्ड और बैंकिंग जानकारी को गैर-कानूनी कामों के लिए दूसरों को बेचकर पैसे कमाता था। सौरभ रजक, रोहित और 'नितिन 3333' के खिलाफ कई कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी और आगे की जांच के लिए उसकी रिमांड मांगेगी। बेलबाग पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी रखे हुए हैं।
(देबजीत देब- स्ट्रिंगर)
ये भी पढे़ं- मुंबई से तीन फर्जी पुलिसवाले गिरफ्तार, ऐसा ID कार्ड बनाया था, जो होता ही नहीं, वर्दी पहन करते थे वसूली
इंस्टाग्राम पर नकली नोट बेच रहा था गिरोह, साइबर विभाग ने किया नेटवर्क का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार