मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से सामने आई एक सनसनीखेज वारदात ने सभी को दहशत में डाल दिया है। यहां तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा धन निकालने के लालच में एक शख्स ने अपने बेटे के साथ मिलकर एक व्यापारी की नरबलि की साजिश रच डाली। पुलिस ने 42 वर्षीय व्यापारी की कथित तौर पर हत्या करने के लिए 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नदी किनारे स्थित पूजा स्थल के पास मिला शव
यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर गैरतगंज क्षेत्र की है। व्यापारी का शव गैरतगंज से लगभग 6 किलोमीटर दूर परासिया गांव के पास नदी किनारे स्थित एक पूजा स्थल के निकट बरामद किया गया। कृत्रिम आंख से उनकी पहचान की गई।
7 जुलाई को लापता हो गए थे व्यापारी
गैरतगंज निवासी व्यापारी विजय जैन 7 जुलाई को घर से लापता हो गए थे और 9 जुलाई को उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। SDOP सोनाली गुप्ता ने बताया कि गैरतगंज थाना प्रभारी डी. पी. लोहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जैन की तलाश शुरू की गई लेकिन तीन दिन तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।
विजय जैन की आखिरी मुलाकात किससे हुई थी?
सोनाली गुप्ता ने बताया कि 13 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि परासिया गांव के पास नदी किनारे मिट्टी में एक शव दबा हुआ है और जांच करने पर उसकी पहचान विजय जैन के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि विजय जैन की अंतिम बार मुलाकात हिनोतिया खास निवासी प्रहलाद साहू से हुई थी और संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की साजिश का खुलासा किया।
कारोबारी का परिचित था आरोपी
पूछताछ में प्रहलाद साहू ने बताया कि वह विजय जैन का परिचित था और दोनों के बीच गड़ा हुआ धन (दफीना) निकालने को लेकर अक्सर बातचीत होती थी। पुलिस ने बताया कि प्रहलाद साहू स्वयं तांत्रिक क्रियाएं करता था और उसे विश्वास था कि परासिया नदी किनारे स्थित माता के चबूतरे के पास गड़ा हुआ धन है। इसी लालच में साहू ने अपने पुत्र टीकम साहू और उड़दमऊ निवासी करीम खान के साथ मिलकर जैन को परासिया नदी के पास बुलाया तथा वहां तंत्र-मंत्र की क्रियाओं के बाद उनके हाथ-पैर बांधकर कुल्हाड़ी से कथित तौर पर हत्या कर दी गई।
तंत्र-मंत्र में मारा गया व्यापारी
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए। एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, फावड़ा, बाइक और तीनों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से सामने आई एक सनसनीखेज वारदात ने सभी को दहशत में डाल दिया है। रहस्यमयी खजाने की चाहत में एक किराना दुकानदार ने 21 लोगों की नरबलि की साजिश रच डाली थी।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
'नरबलि देगा तो शादी हो जाएगी', तांत्रिक के कहने पर युवक ने काट दिया 11 साल के मासूम का गला
तांत्रिक के कहने पर रिश्तेदार ने पीयूष की दी बलि, सिर और हाथ-पैर काटे, धड़ को साड़ी में लपेटकर नाले में फेंका