मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के बीचों-बीच स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर रात करीब 8:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 12 लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
हादसा इतना भयावह था कि एक शख्स की चमड़ी छीलकर बाहर आ गई। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए पचोर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान आग लगने की सूचना पर आस-पास के क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस घटना की जानकारी लगने के बाद एसडीएम रोहित बामोरे, थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया सहित पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और पचोर सहित खुजनेर, राजगढ़ ब्यावरा सहित अन्य जगहों की फायर ब्रिगेड की टीमों को आग बुझाने के लिए बुलाया गया। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
कैसे हुआ यह भयावह हादसा?
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर एक तरफ एक लाइन में ट्रैक्टर और केनो में डीजल भरा जा रहा था, जबकि दूसरी तरफ मशीनों और बाइकों में पेट्रोल डाला जा रहा था। इसी दौरान पास में ही डीजल टैंक भी खाली किया जा रहा था, वो भी आग की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही एक बाइक सवार पेट्रोल डलवाने के लिए पहुंचा और ढक्कन खोला, तो पेट्रोल डालने के दौरान नोजल टैंक में अचानक आग भड़क गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
एक के बाद एक हुए कई धमाके
आग लगने के बाद एक के बाद एक कई धमाके हुए। इस दौरान आग की लपटें दूर-दूर तक दिखने लगीं। इस हादसे में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें शाजापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
(रिपोर्ट- गोविंद सोनी)
ये भी पढ़ें-
शादी के 18 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई नई दुल्हन, लाखों के जेवर भी ले गई; पति ने कहा- "उधार लेकर शादी की थी, बर्बाद हो गया"
छत्तीसगढ़: तरबूज खाने के बाद 15 साल के लड़के की मौत, 3 बच्चे बीमार, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?