1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी के 18 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई नई दुल्हन, लाखों के जेवर भी ले गई; पति ने कहा- "उधार लेकर शादी की थी, बर्बाद हो गया"

शादी के 18 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई नई दुल्हन, लाखों के जेवर भी ले गई; पति ने कहा- "उधार लेकर शादी की थी, बर्बाद हो गया"

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 12, 2026 07:42 am IST,  Updated : May 12, 2026 08:00 am IST

मैनपुरी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक नई नवेली दुल्हन शादी के महज 18 दिन बाद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि दुल्हन घर में रखे लाखों रुपये के जेवर भी अपने साथ ले गई है।

Mainpuri Bride Runaway - India TV Hindi
पति ने पत्नी और आभूषण बरामद कराने के साथ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में शादी के महज 18 दिन बाद दुल्हन के प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पत्नी पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर जाने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने से परेशान युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र देकर जांच और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कुलीपुर निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र आशाराम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को कन्नौज जनपद के छिबरामऊ थाना क्षेत्र स्थित कुंवरपुर लोधपुर निवासी अचला के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ही अचला के गांव के ही अरुण कुमार नामक युवक से प्रेम संबंध थे और दोनों लगातार फोन पर बातचीत करते थे।

घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर गई

पीड़ित पति का आरोप है कि 8 और 9 मई की रात उसकी पत्नी अरुण कुमार के साथ घर से चली गई। जाते समय वह अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी ले गई। पति के मुताबिक, सोने की जंजीर, अंगूठी, झाले, बेसर, चांदी की पायल, करधनी समेत उसकी बहन रूबी के भी कई गहने गायब हैं।

जितेंद्र का आरोप है कि अरुण कुमार नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है और वहीं किसी अज्ञात स्थान पर उसकी पत्नी को रखा हुआ है। उसने आरोप लगाया कि अरुण के भाई अरजेश और नीलू के साथ-साथ उसका बहनोई संतकुमार भी इस पूरे मामले में सहयोग कर रहे हैं।

पीड़ित ने शिकायती पत्र में यह भी कहा है कि अरुण कुमार के साथ उसकी पत्नी की एक आपत्तिजनक फोटो भी उसे मोबाइल पर भेजा गया है। उसका दावा है कि यह फोटो नोएडा में काम करने वाले सोल्जर यादव नाम के युवक ने भेजा, जो अरुण का साथी बताया जा रहा है।

"पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया"

सबसे बड़ा आरोप पीड़ित ने भोगांव पुलिस पर लगाया है। जितेंद्र का कहना है कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया। पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज करने की बात कही। इसके बाद उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित पति ने बताया कि उसने मेहनत, मजदूरी और लोगों से उधार लेकर शादी की थी। शादी में गहने भी बड़ी मुश्किल से बनवाए थे, लेकिन इस घटना के बाद वह पूरी तरह टूट चुका है। उसका कहना है कि वह आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद हो गया है। अब उसने पुलिस अधीक्षक से पत्नी और आभूषण बरामद कराने के साथ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्ट- सलमान मंसूरी)

ये भी पढ़ें-

हरियाणा: 32 साल के पिता ने अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की, शव को अपने सीने से बांधकर खुद भी लगाई फांसी

गुरुग्राम के कोर्ट में होगी 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले की सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट बोला- इसे महिला जज ही सुनें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।