1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा क्या', किस पर भड़के BJP सांसद जनार्दन मिश्रा? VIDEO वायरल

'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा क्या', किस पर भड़के BJP सांसद जनार्दन मिश्रा? VIDEO वायरल

रविवार को रीवा एयरपोर्ट पर 2 नई हवाई सेवा शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गए। एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों को जवाब देने के चक्कर में वे अपना आपा खो बैठे।

बीजेपी सांसद जनार्दन...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा।

मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। रीवा एयरपोर्ट पर एक कार्यक्रम के दौरान एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि आंदोलन हो रहा है एथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा। लेकिन शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं तो कहां से आएगा। सांसद ने एथेनॉल का विरोध करने वालों पर अटैक करते हुए यहां तक कह डाला कि शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रीवा एयरपोर्ट पर हवाई सेवा के शुभारंभ के अवसर पर एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया था। बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जिससे सियासत काफी गरमा गई है।

भाषण देते हुए बीजेपी सांसद ने कहा, ''18,000 किलोमीटर का चक्कर लगाकर तेल मिल रहा है। और जब मोदी जी कह रहे हैं कि एथेनॉल मिलाओ 20% तो आंदोलन हो रहा है कि नहीं एथेनॉल नहीं चलेगा, केवल शुद्ध पेट्रोल चलेगा। शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा? शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं देश में तो कहां से आएगा?''

ब्राजील का देने लगे उदाहरण

उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े स्तर पर एथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है और वाहन एथेनॉल से चल रहे हैं। सांसद ने यह भी कहा कि भारतीय वाहनों में एथेनॉल से चलने की क्षमता है। उन्होंने तर्क दिया कि अगर एथेनॉल नहीं बनेगा तो पेट्रोल और डीजल की जरूरत कैसे पूरी होगी।

देखें वीडियो-

मंच पर मौजूद थे डिप्टी CM समेत कई दिग्गज नेता

सांसद के इस बयान के बाद यह मामला चर्चा में है। जिस समय सांसद जनार्दन मिश्रा ने यह विवादित बयान दिया, उस समय मंच पर कई बड़े नेता मौजूद थे। इनमें डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, सतना से सांसद गणेश सिंह और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी शामिल थीं। अब बीजेपी सांसद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, राजनीति के जानकार इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।

वहीं, आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के बाद अब सीएनजी में बायोगैस मिलाने की तैयारियां भी तेज कर दी हैं।

यह भी पढ़ें-

नितिन गडकरी के एथेनॉल संबंधित बयान और नीति पर भ्रम फैलाने का आरोप, 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ केस दर्ज

E20 पेट्रोल की देशभर में हुई गहन जांच, क्वालिटी को लेकर नहीं मिली किसी भी तरह की कोई समस्या