1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल से हैरान कर देने वाला मामला, IAS विवेक पोरवाल के बंगले से चोरी हो गया चंदन का पेड़, सुरक्षा पर उठे सवाल

भोपाल से हैरान कर देने वाला मामला, IAS विवेक पोरवाल के बंगले से चोरी हो गया चंदन का पेड़, सुरक्षा पर उठे सवाल

भोपाल के वीआईपी इलाके में कड़ी सुरक्षा के बीच चोरी की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसपर यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है। दरअसल, यहां डीजीपी आवास के करीब आईएएस विवेक पोरवाल के आवास से चंदन का पेड़ चोरी हो गया है।

IAS विवेक पोरवाल के आवास से चंदन का पेड़ चोरी।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT IAS विवेक पोरवाल के आवास से चंदन का पेड़ चोरी।

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके में चोरों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। दरअसल, भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के शासकीय बंगले से बेखौफ चोरों ने चंदन का पेड़ काटकर पार कर दिया। हैरत की बात यह रही कि यह वारदात प्रदेश के DGP के आधिकारिक आवास के बेहद करीब हुई है। सुरक्षा गार्ड की तैनाती और गश्त के बावजूद हुई इस चोरी ने पुलिस प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बंगले से चंदन का पेड़ चोरी

जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना देर रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच अंजाम दी गई। चोरों ने बड़ी चालाकी से बंगले के परिसर में प्रवेश किया और शांति से चंदन का पेड़ काटकर ले उड़े। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त बंगले पर सुरक्षा गार्ड तैनात था। इसके बावजूद चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गए, यह जांच का विषय बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।

घर में घुसे से तीन आरोपी

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि "थाना हबीबगंज क्षेत्र के अंतर्गत एक सीनियर ऑफिसर के घर में कल रात तीन लोग एंटर हुए थे और उसके बाद उनके घर में एक चंदन का पेड़ लगा हुआ था, जिसको काटकर ले गए थे। हालांकि उनके घर में एक गार्ड था पर रात में संभवतः ऐसा लग रहा है कि वो सो गया था तो उसने इसको नोटिस नहीं किया। जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली तो पुलिस ने आस-पास के कैमरों को दिखवाया। उसमें ये आइडेंटिफाई हुआ है कि तीन लोग आए थे, जिनके द्वारा इस घटना को किया गया है।" उन्होंने आगे कहा, "पुलिस ने तीनों को आइडेंटिफाई करके उनका पता लगाकर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। इस घटना को हम लोग गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करेंगे।

यह भी पढ़ें-

मुर्शिदाबाद में BJP कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, टुकड़ों में मिला था शव