1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. चोर ने AC चालू कर पूरी की 2 घंटे की नींद, भगवान की पूजा कर मूर्ति और कीमती सामान किया पार, पीड़ित ने शिकायत तक दर्ज नहीं कराई

चोर ने AC चालू कर पूरी की 2 घंटे की नींद, भगवान की पूजा कर मूर्ति और कीमती सामान किया पार, पीड़ित ने शिकायत तक दर्ज नहीं कराई

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 27, 2026 04:07 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 04:07 pm IST

गुरुग्राम में एक चोर ने आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। उसने एसी चालू कर आराम से दो घंटे की नींद पूरी की। भगवान की पूजा की और फिर मूर्ति और अन्य कीमती सामान पार कर दिया।

फाइनेंस कंपनी में चोरी की घटना।- India TV Hindi
फाइनेंस कंपनी में चोरी की घटना। Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम के सबसे सुरक्षित और VIP इलाकों में शुमार 'सिविल लाइंस' से चोरी की एक अनोखी और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ चोरों ने एक फाइनेंस ऑफिस को निशाना बनाया, लेकिन वारदात को अंजाम देने का तरीका ऐसा था जिसने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी करने आए चोर ने ऑफिस के अंदर बकायदा AC चालू किया और लगभग 2 घंटे तक आराम से नींद ली, जबकि उसका साथी बाहर पहरा देता रहा। हैरानी की एक बात और रही कि पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत तक नहीं की। पीड़ित का कहना है कि कुछ समय पहले हुई चोरी का आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई, इसलिए इस बार शिकायत दर्ज कराने से कोई फायदा नहीं है। 

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना

यह पूरी वारदात सिविल लाइंस स्थित एक फाइनेंस ऑफिस की है, जो सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर ने ऑफिस में दाखिल होते ही सबसे पहले भगवान गणेश की मूर्ति के आगे हाथ जोड़े, नमन किया और फिर बेखौफ होकर तबाही मचाना शुरू कर दिया। चोरों ने अपने साथ लाए पेचकस और हथौड़े से लॉकर को तोड़ा। लॉकर में रखे मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान समेटने के बाद चोरों की नजर भगवान की मूर्तियों पर पड़ी। चोरों ने आस्था का ढोंग करने के बाद तांबे की कीमती मूर्तियों पर भी हाथ साफ कर दिया।

दो घंटे तक आराम से सोता रहा आरोपी

हैरानी की बात यह रही कि लगभग ढाई घंटे तक ऑफिस में रुकने के दौरान जब चोर को थकान महसूस हुई, तो उसने बिना किसी डर के एसी चलाया और 2 घंटे तक आराम फरमाया। बाहर खड़ा उसका साथी लगातार सड़क पर नजर बनाए हुए था। हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस सेंधमारी के बाद सबसे हैरान करने वाला पहलू कारोबारी का रुख रहा। पीड़ित कारोबारी ने इस घटना की पुलिस में शिकायत तक दर्ज नहीं कराई है। कारोबारी का कहना है कि कुछ समय पहले हुई चोरी का आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई, इसलिए इस बार शिकायत दर्ज कराने से कोई फायदा नहीं है। सोशल मीडिया पर इस अनोखी चोरी का वीडियो वायरल होने के बाद अब स्थानीय सुरक्षा और गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। (इनपुट- गोहित कौशिक)

यह भी पढ़ें-

'पानी पी लिया तो टोंटी बंद कर दो', और फिर बंदर ने मुड़कर बंद कर दिया नल; VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।