1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बड़े भाई की नहीं हो रही थी शादी, छोटे ने कर ली तो नई दुल्हन को कुल्हाड़ी से काट दिया

बड़े भाई की नहीं हो रही थी शादी, छोटे ने कर ली तो नई दुल्हन को कुल्हाड़ी से काट दिया

आरोपी की शादी नहीं हो रही थी और वह छोटे भाई की शादी से नाराज था। आरोपी ने अपने इस बात को लेकर अपने पिता से भी विवाद किया था। हालांकि, जब नई दुल्हन ने पैर छूने से मना कर दिया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।

Representative Image- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रतीकात्मक तस्वीर

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। शादी के 10 दिन बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार बड़ा भाई अपने छोटे भाई की शादी से नाराज था। इसी वजह से उसने छोटे भाई की 10 दिन पहले ब्याह कर आई पत्नी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। 

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि घटना जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के खजरी गांव की है। देवरी गांव की रहने वाली सरिता मरकाम का विवाह 10 दिन पहले खजरी गांव निवासी बबलू मरकाम से हुआ था। शादी के 10 दिन बाद ही 23 साल की सरिता की हत्या कर दी गई।

नहीं हो रही अब्बू की शादी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बबलू का बड़ा भाई अब्बू मरकाम 35 साल का हो चुका है और अब तक उसकी शादी नहीं हुई है। इस वजह से वह छोटे भाई की शादी होने से वह नाराज था। इसी बात को लेकर दो दिन पहले उसका अपने पिता लच्छी मरकाम से विवाद भी हुआ था, जिसके बाद वह घर छोड़कर चला गया था। लालचंदानी ने बताया कि शुक्रवार सुबह अब्बू कुल्हाड़ी लेकर घर पहुंचा। उस समय बबलू किसी काम से घर से बाहर गया था, जबकि घर में सरिता, उसके ससुर और आरोपी की भांजी मौजूद थी। 

भांजी को धमकाकर भगाया

पुलिस के अनुसार घर पहुंचने के बाद आरोपी ने फिर झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने सरिता से पैर छूने को कहा। सरिता ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीच-बचाव करने के प्रयास में भांजी ने हंसिया उठा लिया, लेकिन आरोपी ने उससे हंसिया छीनकर उसे डरा-धमका कर भगा दिया। इसके बाद उसने सरिता के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गांव के समीप जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

यह भी पढ़ें-

कोर्ट में हाई वोल्टेज ड्रामा, ट्विशा शर्मा के जीजा का आरोप, समर्थ सिंह के समर्थन में दिख रहा पूरा सिस्टम

ट्विशा की मौत से कुछ घंटे पहले का CCTV Video, ब्यूटी पार्लर में हेड मसाज कराती नजर आई