भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत से कुछ घंटे पहले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह ब्यूटी पार्लर में हेड मसाज कराती नजर आ रही है। ट्विशा के ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया था कि ट्विशा मौत से पहले ब्यूटी पार्लर गई थी। इधर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उसके शव का दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है। अब दिल्ली एम्स की टीम भोपाल जाकर ट्विशा के शव का दूसरी बार पोस्टमार्टम करेगी।
ट्विशा का पति समर्थ सिंह सरेंडर करने के लिए जबलपुर हाईकोर्ट पहुंचा था, लेकिन अदालत ने उसे भोपाल जाकर सरेंडर करने के लिए कहा है। ट्विशा की मौत 12 मई को हुई थी। इसके बाद से समर्थ सिंह फरार था। उसने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन उसकी याचिका खारिज कर दी गई। वहीं, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिली हुई है।
सोमवार को गिरिबाला सिंह की जमानत पर सुनवाई
गिरिबाला सिंह को निचली कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है। इस पर सोमवार को सुनवाई होगी। मध्यप्रदेश सरकार ने उनकी जमानत रद्द करने की याचिका लगाई थी। इस मामले पर हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। पुलिस ने समर्थ सिंह पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (2), 85 और 3 (5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की है।
ट्विशा ने ससुराल में लगाई थी फांसी
ट्विशा ने 12 मई की रात ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ट्विशा की मौत फांसी लगाने से ही हुई है। हालांकि, उसके शरीर में चोट के कई अन्य निशान भी मिले हैं, जो फांसी लगाने से आए निशान से अलग हैं। ट्विशा की मौत के बाद सास गिरिबाला सिंह ने 40 से ज्यादा लोगों को फोन किया था। इसके बाद परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की और हाईकोर्ट ने इसे स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में सरेंडर कर सकता है ट्विशा शर्मा का पति समर्थ सिंह, 10 दिन से था फरार