A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. विधायक के बेटे ने थार से 3 मजदूरों 2 महिलाओं को रौंदा, कहा- 'सायरन बजाया क्यों नहीं हटे'

विधायक के बेटे ने थार से 3 मजदूरों 2 महिलाओं को रौंदा, कहा- 'सायरन बजाया क्यों नहीं हटे'

विधायक के बेटे जिम जा रहे थे और रास्ते में उन्होंने पांच लोगों को टक्कर मार दी। बाद में कहा कि जब सायरन बजाया तो ये लोग हटे क्यों नहीं। इस बीच वह वीडियो बनाने वालों को भी मना करते नजर आए।

Shivpuri- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टक्कर मारने वाली कार

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में विधायक के बेटे ने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी। गाड़ी काफी तेज गति से जा रही थी। ऐसे में पांचों लोग घायल हो गए। घायलों ने जब लापरवाही से गाड़ी चलाने पर सवाल किया तो विधायक के बेटे ने कहा कि सायरन बजाया तो था, हटे क्यों नहीं। इसके बाद वीडियो बना रहे लोगों को भी मना किया। मामला करैरा तहसील का है। पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी ने लापरवाही से अपनी थार कार चलाते हुए बाइक सवार तीन मजदूरों और पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे पांचों घायल हो गए।

मामला थाना करैरा क्षेत्र में हुआ जहां फरियादी संजय परिहार निवासी ग्राम संहेड़ा जिला दतिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई और बताया कि संजय अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान थाने के सामने पीछे से तेज गति में आई काले रंग की थार रॉक्स कार ने पहले बाइक को और फिर पैदल चल रही दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

दिनेश लोधी चला रहे थे गाड़ी

घटना में संजय, आशीष और अंशुल को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और मदद पहुंचाई। घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार का कहना है कि गाड़ी विधायक पुत्र दिनेश लोधी चला रहे थे। गाड़ी पर आगे “प्रीतम लोधी” और पीछे “MLA” लिखा हुआ था।

हादसे के बाद घायलों पर ही लगाए आरोप

एक वीडियो में विधायक पुत्र दिनेश लोधी घायलों से ये कहते हुए नजर आ रहे है कि उन्होंने सायरन बजाया और हॉर्न भी बजाया फिर क्यों नहीं हटे, तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे। बताया जा रहा है कि दिनेश लोधी इन दिनों करैरा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने के लिए करैरा में ही रह रहे हैं। घटना के समय वह जिम जाने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने इस मामले में दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत धारा 281, 125(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(शिवपुरी से केके दुबे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

इंदौर हत्याकाड: पत्नी के बॉयफ्रेंड ने हिस्ट्रीशीटर को मरवाया, 3 शूटर गिरफ्तार, CCTV में दिखी बिना नंबर प्लेट की बाइक

मध्य प्रदेश: मातम में बदली खुशियां, शादी के लिए भात न्यौतने जा रही 4 महिलाओं की मौत, 28 लोग घायल