1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर हत्याकाड: पत्नी के बॉयफ्रेंड ने हिस्ट्रीशीटर को मरवाया, 3 शूटर गिरफ्तार, CCTV में दिखी बिना नंबर प्लेट की बाइक

इंदौर हत्याकाड: पत्नी के बॉयफ्रेंड ने हिस्ट्रीशीटर को मरवाया, 3 शूटर गिरफ्तार, CCTV में दिखी बिना नंबर प्लेट की बाइक

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 17, 2026 07:42 am IST,  Updated : Apr 17, 2026 07:42 am IST

मृतक हिस्ट्रीशीटर की पत्नी के अवैध संबंध राहुल नाम के व्यक्ति के साथ थे। इसी ने तीन लोगों को सुपारी देकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने तीनों शूटर को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मास्टरमाइंड अभी भी फरार है।

Accused in police Custody- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में तीनों शूटर Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर के राऊ में हुए नवीन पाटीदार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में रिश्तों, रंजिश और बदले की खौफनाक साजिश सामने आई है। चौंकाने वाली बात ये है कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश पत्नी के बॉयफ्रेंड ने खुद पत्नी के साथ मिलकर रची। हिस्ट्रीशीटर पति को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी किलर्स का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड अब भी फरार है।

13 अप्रैल को राऊ इलाके में सड़क किनारे एक युवक घायल हालत में पड़ा मिला था। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सिर में गोली मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।

अवैध संबंध और शक के कारण कराई हत्या

मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई, जो मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था और हाल ही में राऊ के रंगवासा में शिफ्ट हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि नवीन एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले खुलासे मिले। डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक, नवीन और मुख्य आरोपी राहुल मराठा पहले एक साथ एक हत्या के मामले में शामिल थे। इस केस में पहले नवीन गिरफ्तार हुआ और बाद में राहुल। राहुल को शक था कि नवीन ने ही उसे पुलिस के हवाले किया था। इसी रंजिश के साथ-साथ राहुल के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध भी थे और यहीं से साजिश शुरू हुई।

बॉयफ्रेंड ने पत्नी के साथ मिलकर रची साजिश

पत्नी के बॉयफ्रेंड राहुल ने, प्रेमिका यानी मृतक की पत्नी के साथ मिलकर, हिस्ट्रीशीटर पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। राहुल ने देवास के तीन शूटरों को सुपारी देकर इस मर्डर को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बिना नंबर की पल्सर बाइक के जरिए आरोपियों की मूवमेंट ट्रेस की। इसके बाद मुकेश कुमावत, अजय धौलपुरिया और श्रीराम बलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार

मृतक की पत्नी से भी साजिश में शामिल होने के शक में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड राहुल मराठा अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश: मातम में बदली खुशियां, शादी के लिए भात न्यौतने जा रही 4 महिलाओं की मौत, 28 लोग घायल

क्रिकेट की गेंद ढूंढ़ने गए बच्चों को दिखी लाश, सामने आई 3 बेटों के बाप की दुखद कहानी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।