1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एकतरफा आशिक ने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, गले में फंदा बांध छत से लटकाया; डॉक्टर को लगाने पड़े 60 टांके

एकतरफा आशिक ने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, गले में फंदा बांध छत से लटकाया; डॉक्टर को लगाने पड़े 60 टांके

Shivpuri Crime News: शिवपुरी में सनकी आशिक ने नाबालिग लड़की पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने लड़की पर कुल्हाड़ी से कई वार किए और गले में फंदा बांधकर छत से भी लटका दिया।

सनकी आशिक ने नाबालिग...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सनकी आशिक ने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए।

Minor Girl Attacked With Axe: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां सिरफिरे आशिक ने नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी ने लहूलुहान लड़की के गले में फंदा बांधा, उसे छत से लटकाया और 12 फीट नीचे पटक दिया। गंभीर हालत में पीड़िता को 60 टांके आए हैं और उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।

5 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

बता दें कि आक्रोशित ग्रामीणों के चक्का जाम के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई। मामले में कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। इस घटना का वीडियो भी आसपास घरों में रहने वालों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

लोगों ने इंसाफ की मांग के साथ किया प्रदर्शन

घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीण और लोकल लोग, आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतरे और प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों को मानना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

नाबालिग बालिका पर एकतरफा प्यार में जानलेवा हमला

पिछोर के एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि खोड़ चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका पर जानलेवा हमले की अत्यंत गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार और उसके पिता अजब सिंह परिहार को तत्काल हिरासत में ले लिया है।

इस मामले में कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन नियमानुसार सख्त कदम उठा रहा है: एसडीओपी प्रशांत शर्मा

पुलिस ने दिया दोषियों को सजा दिलाने का आश्वासन

प्रशांत शर्मा ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच जारी है, दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अदालत से उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट- केके दुबे)

ये भी पढ़ें- प्रेमी बना हैवान! युवती को प्रेग्नेंट किया, शादी की जिद की तो मार कर फेंका; जानवर खा गए लाश