1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमी बना हैवान! युवती को प्रेग्नेंट किया, शादी की जिद की तो मार कर फेंका; जानवर खा गए लाश

प्रेमी बना हैवान! युवती को प्रेग्नेंट किया, शादी की जिद की तो मार कर फेंका; जानवर खा गए लाश

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 06, 2026 06:13 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 06:27 pm IST

Sitapur Pregnant Woman Killing: सीतापुर में 25 मई से लापता युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है। युवती का शव लखनऊ से मिला जिसे जानवरों ने खा लिया था। इस घटना में युवती का प्रेमी शिवम और एक अन्य महिला शामिल बताई जा रही है। जानिए वारदात की पूरी कहानी।

सीतापुर में प्रेमी ने...- India TV Hindi
सीतापुर में प्रेमी ने गर्भवती गर्लफ्रेंड को बेरहमी से मारा। Image Source : REPORTERS INPUT

Sitapur Murder Case: यूपी के सीतापुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरअसल, सीतापुर से लापता छात्रा मानसी का कंकाल बीते शनिवार को लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में एक जंगल से बरामद हुआ था। पुलिस ने छात्रा मानसी के प्रेमी की निशानदेही पर कंकाल बरामद किया। फिर, परिवार वालों ने कपड़ों और चप्पल से कंकाल की शिनाख्त अपनी लापता बेटी मानसी के रूप में की। मानसी 3 माह की गर्भवती थी। उधर, आरोपी प्रेमी शिवम ने भी मानसी की तरफ से शादी का दबाव बनाए जाने पर उसकी गला दबाकर हत्या करने की बात को कबूल कर लिया है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

इंसाफ के लिए पिता ने किया प्रदर्शन

बता दें कि इस हत्याकांड की स्क्रिप्ट प्रेमी शिवम पहले ही लिख चुका था। छात्रा मानसी के पिता ने संदना थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि अगर पुलिस पहले कार्रवाई करती तो शायद मानसी की जान बच सकती थी। पिता का ये भी कहना है कि उसे इंसाफ के लिए धरना प्रदर्शन तक करना पड़ा।

आरोपी महिला की जानकारी जुटा रही पुलिस

इस मर्डर केस में एक महिला के भी शामिल होने की आशंका जाहिर की जा रही है। आखिर वह कौन है यह अब पुलिस की तफ्तीश का पार्ट है। लखनऊ से लेकर सीतापुर तक पुलिस ने छात्रा मानसी हत्याकांड से जुड़े हर पहलू को लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई थी मानसी

बताते चलें कि संदना थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा मानसी 25 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। मानसी बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह प्रैक्टिकल एग्जाम देने के लिए कॉलेज गई हुई थी लेकिन देर शाम तक जब घर वापस नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने उसके कॉलेज से लेकर हर जगह तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।

परिजनों ने शिवम पर लगाया किडनैपिंग का आरोप

फिर, परिवार वालों ने पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत की और शिवम नामक युवक पर बेटी को अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया। लेकिन परिवार वालों के आरोपों के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मानसी के लापता होने के 9 दिन बाद परिवार वालों ने न्याय के लिए गांव में ही स्थित अंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन किया।

दूसरी बार पूछताछ में शिवम ने खोली जुबान

इसके बाद, पुलिस ने आरोपी शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन कोई सबूत ना मिलने के कारण आरोपी शिवम को छोड़ दिया। लेकिन लापता छात्रा मानसी के मामले में बढ़ते दबाव को लेकर एक बार फिर पुलिस ने आरोपी शिवम को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। इस बार पुलिस की पूछताछ में शिवम टूट गया और मानसी की हत्या किए जाने की बात को स्वीकार किया।

बख्शी का तालाब से बरामद किया मानसी का शव

बीते शनिवार को संदना पुलिस आरोपी शिवम को लेकर लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के किसान पथ पर स्थित एक जंगल में ले गई, जहां उसने मानसी की हत्या किए जाने वाली जगह पर ले गया। फिर, पुलिस ने घटनास्थल से एक कंकाल को बरामद किया।

गर्भवती होने के बाद शादी का दबाव बना रही थी मानसी

परिवार वालों ने कंकाल की शिनाख्त अपनी पुत्री मानसी के रूप में की। परिवार वालों ने चप्पल और कपड़ों से मानसी की शिनाख्त की। इसके बाद, पोस्टमार्टम में मानसी 3 माह की गर्भवती पाई गई। आरोपी शिवम ने मानसी हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए बताया कि मानसी गर्भवती होने के बाद लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी को लेकर उसे रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करनी पड़ी।

मानसी को जंगल में ले जाकर शिवम ने मारा

घटना वाले दिन मानसी को शादी करने की बात कहकर उसे कॉलेज बुलवाया और लखनऊ से आकर उसे पाने साथ लखनऊ ले गया। लखनऊ से आते समय वह अपना मोबाइल लखनऊ में ही छोड़ आया था और फिर मानसी को जंगल में ले जाकर हत्या कर दी।

आरोपी के साथ हुई पुलिस की मुठभेड़

सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में गर्भवती प्रेमिका की लखनऊ में हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संदना पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

शिवम ने पुलिस से की पिस्टल छीनने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर घटना से जुड़े साक्ष्यों की बरामदगी के लिए आरोपी को साथ लेकर टीम ग्राम रामपुर मढ़िया के पास पहुंची थी। इसी दौरान, आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मानसी बीते 25 मई को अपने साथ ले गया था शिवम

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अपनी प्रेमिका मानसी की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती करीब तीन माह की गर्भवती थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 25 मई 2026 को वह मानसी को मोटरसाइकिल से सिधौली से लेकर लखनऊ के बक्शी का तालाब क्षेत्र स्थित किसान पथ के पास एक सुनसान स्थान पर गया था।

दोनों में शादी और साथ रहने को लेकर हुआ था विवाद

वहां, शादी और साथ रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान, आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने शव के गले पर सीमेंट का पिलर रख दिया और मौके से फरार हो गया।

एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि सबूत जुटाने के दौरान आरोपी शिवम ने पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई में शिवम को गोली लगी है। आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

(इनपुट- मोहित मिश्रा)

ये भी पढ़ें- लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर मां ने ही कर दी मासूम बच्ची की हत्या, पति से रहती थी अलग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।