1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सड़क पर बहने लगा हजारों लीटर तेल, बालाघाट में भारत पेट्रोलियम का टैंकर पलटा, मुफ्त का डीजल-पेट्रोल लूटने उमड़ी भीड़

सड़क पर बहने लगा हजारों लीटर तेल, बालाघाट में भारत पेट्रोलियम का टैंकर पलटा, मुफ्त का डीजल-पेट्रोल लूटने उमड़ी भीड़

बालाघाट में भारत पेट्रोलियम का तेल से भरा टैंकर पलट गया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। तेल लूटते लोगों का वीडियो वायरल हो गया है।

balaghat- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बालाघाट में पलटा तेल का टैंकर।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटंगी-सिवनी मार्ग पर खिड़कीघाट के पास पेट्रोल और डीजल से भरा एक तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया  इस हादसे के बाद टैंकर का मुख्य चैंबर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसमें भरा करीब 15 हजार लीटर डीजल और 5 हजार लीटर पेट्रोल सड़क पर बहते हुए सीधे पास के नाले में जा मिला। भारत पेट्रोलियम का यह टैंकर पलटने की खबर जैसे ही आसपास के इलाकों में फैली, मौके पर हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई, जो तेल लूटती नजर आई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आना पड़ा। हादसे में टैंकर के चालक और परिचालक को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है, इनका इलाज जारी है। 

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, जान जोखिम में डालकर डीजल समेटते दिखे लोग

मिली जानकारी के अनुसार टैंकर क्रमांक MH 17 HA 3564 जबलपुर से ईंधन भरकर निकला था। इसे सिवनी और कटंगी होते हुए वारासिवनी पहुंचना था, लेकिन कटंगी पहुंचने से ठीक पहले खिड़कीघाट के पास अचानक गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल सड़कों और नालों में बहने लगा। यह नजारा देख स्थानीय ग्रामीण अपनी जान की परवाह किए बिना कुप्पी, बाल्टी और कैन लेकर मौके पर पहुंच गए और बहते हुए डीजल-पेट्रोल को बटोरा। कई लोगों ने इस हादसे के बीच मुफ्त का पेट्रोल और डीजल समेटने के लिए भारी जोखिम उठाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया, जो लोगों को हैरान कर रहा है।

पुलिस ने संभाली कमान, टला बड़ा हादसा

पेट्रोल और डीजल के रिसाव के कारण इलाके में आगजनी का बड़ा खतरा मंडराने लगा था। हादसे की सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पेट्रोल और डीजल लूट रहे ग्रामीणों को खदेड़कर वहां से दूर किया और पूरे इलाके की घेराबंदी की। गनीमत यह रही कि इस बेहद संवेदनशील स्थिति के बावजूद समय रहते प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे कोई चिंगारी नहीं भड़की और एक बहुत बड़ी अप्रिय घटना होने से टल गई।

रिपोर्ट- शौकत बिसाने

ये भी पढ़ें: पहली ही बारिश में कागज की तरह बहा 7 करोड़ का पुल, देवास से सामने आया वीडियो, उठ रहे गंभीर सवाल