1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पहली ही बारिश में कागज की तरह बहा 7 करोड़ का पुल, देवास से सामने आया वीडियो, उठ रहे गंभीर सवाल

पहली ही बारिश में कागज की तरह बहा 7 करोड़ का पुल, देवास से सामने आया वीडियो, उठ रहे गंभीर सवाल

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 10, 2026 06:56 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 07:18 pm IST

देवास में शिप्रा नदी पर 7 करोड़ की लागत से बना नया पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

devas- India TV Hindi
देवास कलेक्टर। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के देवास जिले से विकास के दावों की पोल खोलने वाली एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां होशियारी और मकोड़िया गांव के बीच शिप्रा नदी पर करीब 7 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बना नया पुल पहली ही तेज बारिश को भी नहीं झेल पाया। बारिश के शुरुआती झोंके में ही पुल का प्रोटेक्शन वर्क ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने करोड़ों की लागत से हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों को कई सालों के लंबे इंतजार के बाद इस नदी पर पुल की सौगात मिली थी, लेकिन पहली ही बारिश ने उनकी खुशियों पर पानी फेर दिया।

घटिया निर्माण का आरोप, अफसरों ने झाड़ा पल्ला

स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल का काम बेहद जल्दबाजी में और घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करके किया गया। जब पुल बन रहा था, तब भी ग्रामीणों ने इसकी खराब गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदार इंजीनियरों से शिकायत की थी, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी के तेज बहाव में पुल के आसपास का सुरक्षा हिस्सा बह रहा है। दूसरी तरफ, जल संसाधन विभाग की एसडीओ नेहा दुबे ने पुल को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए दावा किया है कि केवल मिट्टी और प्रोटेक्शन वर्क का कुछ हिस्सा ही बहा है, जिसे जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।

जांच के घेरे में लापरवाही, प्रशासन सख्त

इस हादसे के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटिया निर्माण पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने भी तुरंत उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, लेकिन इस घटना ने सरकारी विभागों में फैले भ्रष्टाचार और लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- अरविंद चौकसे

ये भी पढ़ें: इंदौर ड्रग्स मामले में जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का बड़ा कबूलनामा, बोले- 'पहले ड्रग्स लेता था, अब शराब भी नहीं छूता'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।