1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. देवास: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 5 की मौत, घायलों से मिले CM मोहन यादव; कारखाना मालिक NSA के तहत गिरफ्तार

देवास: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 5 की मौत, घायलों से मिले CM मोहन यादव; कारखाना मालिक NSA के तहत गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 15, 2026 08:44 am IST,  Updated : May 15, 2026 08:44 am IST

देवास में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाके से पांच लोगों की मौत हो गई है। फैक्ट्री मालिक को एनएसए के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं सीएम मोहन यादव ने घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने घायलों का जाना हाल। - India TV Hindi
सीएम ने घायलों का जाना हाल। Image Source : X/DRMOHANYADAV51

देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की वजह से पांच लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा हादसे में 23 मजदूर घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है। इसके अलावा मोहन यादव ने देवास के अस्पताल में जाकर घायलों का हाल भी जाना। सीएम मोहन यादव ने हादसे के जांच के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं।

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

देवास के एडीएम संजीव जैन ने बताया, ''देवास के एक निजी अस्पताल में भर्ती दो मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर पांच पर पहुंच गई है।'' अधिकारियों ने बताया कि टोंक कलां क्षेत्र में संचालित पटाखा कारखाने के लाइसेंसी मालिक अनिल मालवीय को एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक मालवीय के नाम जारी पटाखा लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। अग्निकांड में झुलसे 23 मरीजों में शामिल तीन लोगों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य मरीज इंदौर एवं देवास के अलग अलग अस्पताल में भर्ती हैं।

घायलों से मिले सीएम मोहन यादव

वहीं सीएम मोहन यादव अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल-चाल भी जाना। उन्होंने कहा, ''हमने पटाखा कारखाने के मालिक पर एनएसए के तहत कार्रवाई की है। हम घटना की विस्तृत जांच करा रहे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कदम उठाए जाएंगे।'' मुख्यमंत्री ने कहा, '' राज्य सरकार इस मामले में किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी। यह घटना एक तरह से सबक भी है और हम उम्मीद करेंगे कि इसकी पुनरावृति नहीं हो।'' सीएम मोहन यादव ने एक्स पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "आज दिल्ली से लौटकर टोंककला, देवास की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में घायल श्रमिकों का चोइथराम, एमवाय और अमलतास अस्पताल में कुशलक्षेम जाना। इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। पटाखा फैक्ट्री के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रभावित नागरिकों की हर संभव सहायता के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

यह भी पढ़ें-

पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG भी महंगी, जानें कितना बढ़ गया दाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।