मध्य प्रदेश के इंदौर में मोहर्रम जुलूस में धक्का मुक्की को लेकर बवाल हो गया। राजवाड़ा चौराहे पर दो पक्ष भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। जानकारी के मुताबिक, सराफा थाना क्षेत्र में मोहर्रम के पारंपरिक जुलूस के दौरान शुक्रवार को राजवाड़ा चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धक्का-मुक्की की बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और जमकर लात-घूंसे चलने लगे। घटना के चलते कुछ देर के लिए जुलूस की व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हर साल की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम का जुलूस तय मार्ग से निकाला जा रहा था। प्रशासन और पुलिस ने पहले से ही हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पूरे जुलूस की ड्रोन, सीसीटीवी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगरानी की जा रही थी। इसके बावजूद राजवाड़ा चौराहे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया।
यहां देखें वीडियो
embedvidgyor:2026/06/62jzojnd}
हाथापाई और लात-घूंसे चले
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई और लात-घूंसे चलाते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया, जिसके बाद जुलूस को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस कर रही है उपद्रवियों की पहचान
सराफा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो और मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
मुहर्रम जुलूस के दौरान करंट लगने से तीन की मौत
वहीं, रतलाम ज़िले में गुरुवार देर रात मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। यह घटना पिपलौदा पुलिस स्टेशन इलाके के हतनारा गांव में रात 11.15 बजे हुई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः ताजिये में करंट फैलते ही हुआ धमाका, रतलाम में मोहर्रम जुलूस में अचानक चीखें गूंजीं, 3 की मौत; वीडियो आया सामने
उज्जैन में मोहर्रम के जुलूस में जानलेवा प्रदर्शन, क्रेन पर लटकाई वैन और फिर विस्फोट से उड़ाया-VIDEO
रिपोर्ट-भारत पाटील