1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ताजिये में करंट फैलते ही हुआ धमाका, रतलाम में मोहर्रम जुलूस में अचानक चीखें गूंजीं, 3 की मौत; वीडियो आया सामने

ताजिये में करंट फैलते ही हुआ धमाका, रतलाम में मोहर्रम जुलूस में अचानक चीखें गूंजीं, 3 की मौत; वीडियो आया सामने

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 26, 2026 11:29 am IST,  Updated : Jun 26, 2026 11:29 am IST

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया जिससे उसमें करंट फैल गया और उसे उठाकर ले जा रहे कई लोग झुलस गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।

ratlam muharram julus- India TV Hindi
रतलाम में मुहर्रम जुलूस में हादसा। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में जुलूस निकालते समय ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रात 11 बजे हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। 

सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।  रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारी डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि अस्पताल लाए गए घायलों में तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी।

कैसे हुआ हादसा?

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ''गुरुवार रात 11 बजे ताजिये का जुलूस निकाला जा रहा था। इसे देखने के लिए डेढ़ सौ से 200 लोग इकट्ठे हुए थे। गांव के मेवाती मोहल्ला से जुलूस लेकर लोग जैसे ही आगे बढ़े तभी ताजिया हाईटेंशन लाइन के तार से टच हो गया। ताजिये में करंट फैल गया। ताजिया उठाकर ले जा रहे लोगों को करंट लगा और जोर का धमाका हुआ, जिससे वे नीचे जा गिरे। तब किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था।''

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती।
Image Source : REPORTER INPUTघायलों को अस्पताल में कराया भर्ती।

आखिर इतनी बड़ी चूक हुई कैसे?

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी राकेश पांडरो ने बताया कि करंट से झुलसे घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं, आमतौर पर मोहर्रम जुलूस से पहले प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग द्वारा जुलूस के रूट का निरीक्षण किया जाता है। ताजियों की ऊंचाई और मार्ग में आने वाली हाईटेंशन बिजली लाइनों का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? क्या जुलूस के रूट का सही तरीके से निरीक्षण नहीं किया गया, या फिर सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही बरती गई? हालांकि, इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा और जिम्मेदारी भी उसी के आधार पर तय होगी।

हादसे का वीडियो आया सामने-

काफी नीचे थे हाईटेंशन तार

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लाइन बहुत नीचे हैं और गांव के बीचों बीच 11 केवी हाई टेंशन लाइन के तार जा रहे हैं। फिलहाल इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है कि इस हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें-

शिवहर में मुहर्रम अखाड़े के दौरान बवाल, पत्थरबाजी और मारपीट, 10-15 लोग घायल

मुहर्रम पर दिल्ली में आज कई रास्ते बंद रहेंगे, यहां पर रूट डायवर्जन; जाम से बचने के लिए इन सड़कों पर जाने से बचें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।