1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शिवहर में मुहर्रम अखाड़े के दौरान बवाल, पत्थरबाजी और मारपीट, 10-15 लोग घायल

शिवहर में मुहर्रम अखाड़े के दौरान बवाल, पत्थरबाजी और मारपीट, 10-15 लोग घायल

 Published : Jun 25, 2026 09:12 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 09:21 pm IST

शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में मुहर्रम की तैयारी को लेकर निकले अखाड़ों के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी और मारपीट शुरू हो गई। जानें क्या है पूरा मामला।

शिवहर में मुहर्रम अखाड़े के दौरान बवाल, पत्थरबाजी और मारपीट- India TV Hindi
शिवहर में मुहर्रम अखाड़े के दौरान बवाल, पत्थरबाजी और मारपीट Image Source : INDIA TV

बिहार के शिवहर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुहर्रम के अखाड़े के दौरान दो पक्षों में अचानक हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडे चले। इस भीषण मारपीट और पथराव में करीब 10 से 15 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है।

क्यों शुरू हुआ विवाद

शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में मुहर्रम की तैयारी को लेकर निकले अखाड़ों के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी और मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 से 15 लोगों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे शहर के अलग-अलग अखाड़े प्रैक्टिस और जुलूस की तैयारी को लेकर निकले थे। इसी दौरान थाना रोड स्थित गुप्ता मेडिकल के पास अखाड़ों के क्रॉसिंग और पास देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। हालांकि वहां मामला शांत करा दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद गांधी चौक के नजदीक दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि विवाद वार्ड नंबर-7 के इस्लामिया अखाड़ा और वार्ड नंबर-8 के मंसूरि अखाड़ा के बीच हुआ। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे और ईंट-पत्थर भी फेंके जाने लगे। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान करीब 150 से 200 लोग मौजूद थे और लगभग एक घंटे तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। इस मामले में दोनों अखाड़ों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। इस्लामिया अखाड़ा के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शमीम राज ने बताया कि उनके अखाड़े के निकलने का समय निर्धारित था और क्रॉसिंग के दौरान अनुमति लेने की परंपरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंसूरि अखाड़ा की ओर से पहले लाठी-डंडा चलाया गया। उन्होंने कहा कि बाद में गांधी चौक के पास फिर विवाद बढ़ा और ईंट-पत्थर व अन्य सामान फेंके गए, जिसमें उनके पक्ष के कई लोग घायल हुए।

मंसूरिया अखाड़ा के अध्यक्ष ने खारिज किया आरोप 
वहीं, मंसूरिया अखाड़ा के अध्यक्ष मोहम्मद दाऊद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका अखाड़ा शांतिपूर्ण तरीके से जा रहा था, उन्होंने आरोप लगाया कि इस्लामिया अखाड़ा के कुछ लोग लाठी लहराते हुए निकल रहे थे, जिससे उनके लोगों को चोट लगी। उन्होंने बताया कि छोटी मस्जिद के पास विवाद शांत हो गया था, लेकिन गांधी चौक के पास दोबारा मामला बढ़ गया, जिसमें उनके पक्ष के करीब छह लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।

एसडीपीओ ने कही ये बात
मीडिया से बातचीत के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि सुबह अखाड़े की प्रैक्टिस के दौरान यह घटना हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। नगर थाना प्रभारी रविन्द्र पाल ने बताया कि दोनों पक्ष मिलाकर लगभग 45 नामजद व 30 अज्ञात पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।

(रिपोर्ट - समीर कुमार झा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।