1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दोस्त से मिलकर आने के बाद गुमसुम थी लड़की, कारण जानते ही परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन

दोस्त से मिलकर आने के बाद गुमसुम थी लड़की, कारण जानते ही परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन

उज्जैन में 16 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, परिचित युवक उसे दोस्त के कमरे पर ले गया, जहां चार अन्य युवक मौजूद थे। 5 आरोपियों में 2 पकड़े गए हैं, जबकि तीन फरार हैं।

Ujjain Gang Rape Case, Ujjain Minor Girl Case, Madhya Pradesh Crime News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Highlights

  • दोस्त से मिलने गई 16 साल की छात्रा अगले दिन डरी-सहमी हालत में घर लौटी थी।
  • पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया, दो पकड़े गए और तीन अभी फरार हैं।
  • एक आरोपी जेल भेजा गया, नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में 16 साल की नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा को उसका हमउम्र परिचित मिलने के बहाने जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया था। वहां पहले से 4 अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि पांचों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

26 सितंबर को अचानक लापता हुई थी छात्रा

एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि छात्रा 26 सितंबर को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर चिमनगंज थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन यानी 27 सितंबर को छात्रा घर वापस पहुंची। शुरुआत में उसने परिजनों को अपहरण की बात बताई, लेकिन घर लौटने के बाद वह काफी डरी हुई और गुमसुम रहने लगी।

घरवालों ने पूछा तो रोते हुए बताई पूरी घटना

छात्रा के बदले व्यवहार को देखकर परिजनों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना परिजनों को बताई। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने बताया कि 26 सितंबर को उसके क्षेत्र में रहने वाले हमउम्र परिचित ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह उसे जीवाजीगंज क्षेत्र में स्थित अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया, जहां 4 अन्य साथी पहले से मौजूद थे। वहां पर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया।

5 युवकों पर केस, 2 आरोपी पकड़े गए

छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में 5 युवकों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने बताया कि इनमें पीपलीनाका क्षेत्र निवासी एक युवक और एक नाबालिग को पकड़ा गया है। दोनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने लक्की को जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 3 आरोपी अभी फरार हैं और इनकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगा कि वे नाबालिग हैं या बालिग। पुलिस आरोपियों के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है।

28 सितंबर को दर्ज हुए छात्रा के बयान

एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि 28 सितंबर को महिला पुलिस अधिकारी ने छात्रा के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस अब फरार आरोपियों को पकड़ने के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है। बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश के मैहर से खबर आई थी कि कुछ आरोपी स्कूली छात्रा का अपहरण कर रातभर गैंगरेप करते रहे और अगली सुबह तीनों पुलिस को बंद मकान में मिले थे। (इनपुट: प्रेम डोडिया)

ये भी पढ़ें: भोपाल में खाकी हुई शर्मसार! 17 साल की नाबालिग से रेप मामले में 2 आरक्षक गिरफ्तार