1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गांव में सड़क नहीं, एंबुलेंस फंसी तो गर्भवती महिला को चादर के झूले पर अस्पताल ले गए परिजन, वीडियो वायरल

गांव में सड़क नहीं, एंबुलेंस फंसी तो गर्भवती महिला को चादर के झूले पर अस्पताल ले गए परिजन, वीडियो वायरल

गांव में सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस रास्ते में फंस गई। ऐसे में गांव के लोग चादर में गर्भवती महिला को लेकर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Umaria Ambulance- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कच्चे रास्ते के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची

मध्य प्रदेश के उमरिया से मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। मामला करकेली ब्लॉक के देवरा गांव का है। यहां सड़क न होने और कीचड़ भरे रास्ते के कारण प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने चद्दर के झूले पर उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पहुंचाया। एंबुलेंस कच्चे रास्ते के कारण गांव तक नहीं पहुंच सकी, जबकि ई-रिक्शा भी बीच रास्ते में फंस गया था। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण सड़कों की बदहाली पर सवाल उठ रहे हैं।

मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला करकेली जनपद अंतर्गत ग्राम देवरा से सामने आया है। गांव में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान ग्रामीणों द्वारा कई किलोमीटर तक चद्दर के झूले पर उठाकर ले जाना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

गांव तक नहीं पहुंचा पाई एंबुलेंस

जानकारी के अनुसार देवरा निवासी सुनील कोल की पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिवार ने तत्काल सरकारी एंबुलेंस सेवा 108 पर संपर्क किया, लेकिन खराब सड़क का हवाला देते हुए एंबुलेंस गांव तक पहुंचने में असमर्थ रही। इसके बाद सुनील ने ई-रिक्शा की व्यवस्था की, लेकिन गांव की जर्जर सड़क और कीचड़ भरे रास्ते के कारण ई-रिक्शा भी करीब डेढ़ किलोमीटर चलने के बाद बीच रास्ते में फंस गया। स्थिति गंभीर होने पर परिवार और गांव के चार लोगों ने प्रसूता को हाथों के सहारे उठाकर पैदल ही लगभग एक किलोमीटर तक सफर तय किया।

एनएच-43 से मिली एंबुलेंस सेवा

गांव के लोग प्रसूता को लेकर किसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक पहुंचे, जहां उन्हें एंबुलेंस की सुविधा मिल सकी। इसके बाद महिला को चंदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका सुरक्षित प्रसव कराया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है,  लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। वहीं वायरल वीडियो ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

(उमरिया से बृजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मातम में बदलीं खुशियां, बारातियों से भरी पलटी पिकअप, हादसे में दो की मौत और 15 घायल

पहली ही बारिश में कागज की तरह बहा 7 करोड़ का पुल, देवास से सामने आया वीडियो, उठ रहे गंभीर सवाल