A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मजदूरी को लेकर युवक की हत्या, आरोपियों ने डैम में पेड़ के तने के नीचे दबा दिया था शव

मजदूरी को लेकर युवक की हत्या, आरोपियों ने डैम में पेड़ के तने के नीचे दबा दिया था शव

मृतक का शव पानी में औंधे मुंह एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबा हुआ मिला। मृतक के सिर, गर्दन, गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे।

पुलिस के शिकंजे में तीन आरोपी, एक नाबालिग है।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस के शिकंजे में तीन आरोपी, एक नाबालिग है।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मजदूरी को लेकर हुए विवाद में पांच लोगों ने मिलकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, शव को जलाशय में एक पेड़ के तने के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए 5 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। 

घटना जिला मुख्यालय से करीब 60 किमी. दूर बोरदेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कारोपानी के सेल्टिया जलाशय के पास 13 मई को घटित हुई थी,  जिसका खुलासा रविवार को पुलिस ने किया।

पेड़ के तने के नीचे दबा था शव

बोरदेही थाना प्रभारी राधेश्याम वट्टी ने बताया कि बोरदेही थाना क्षेत्र में लेन-देन के विवाद में एक युवक की नाबालिग सहित 5 आरोपियों ने मारपीट कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को सेल्टिया जलाशय में एक पेड़ के मोटे तने के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि 15 मई को थाना बोरदेही में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कारोपानी के समीप सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। 

सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर मृतक का शव पानी में औंधे मुंह अवस्था में एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबा हुआ मिला। मृतक के सिर, गर्दन, गला एवं पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। शव की पहचान राजू उईके (22) निवासी- ग्राम ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

पोस्टमार्टम में मृतक की मौत गला दबाने एवं गंभीर चोटों के कारण होने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक एवं आरोपियों के बीच मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पहले में विवाद हुआ था, जिसके चलते आरोपी रंजिश पाले हुए थे।

शादी समारोह से लौट रहा था मृतक

जांच में पाया गया कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मृतक राजू उईके आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। पुलिस की ओर से सघन पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य एवं परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर हत्या का खुलासा किया गया। आरोपियों द्वारा मृतक के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गई। साक्ष्य छुपाने के लिए शव को सेल्टिया जलाशय में पेड़ के भारी तने के नीचे दबा दिया गया।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में आरोपी रूपेश (निवासी ग्राम टुईढाना, छिंदवाड़ा), आयुष नर्रे (निवासी ग्राम बामला, बैतूल), तेजीलाल उईके (निवासी ग्राम ढाकरवाड़ी, छिंदवाड़ा) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

(रिपोर्ट- मयंक भार्गव)

ये भी पढ़ें-

इफ्तार के बाद बचा हुआ मांसाहारी भोजन गंगा में फेंकने का मामला, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 8 आरोपियों को दी जमानत, जानें क्या कहा

IMD Weather Update: दिल्ली में आज छाए रहेंगे बादल, यूपी में हीटवेव की आहट तो बिहार में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी; जानें अन्य राज्यों का हाल