मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा थाने में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ पुलिस विभाग को शर्मसार किया, बल्कि पूरे जिले में आक्रोश भी फैला दिया है। 5 अप्रैल को पवन गुर्जर नामक एक युवक अपने साथियों से मिलने थाने पहुंचा था। युवक का आरोप है कि थाने में पदस्त सब इंस्पेक्टर दिलीप कटारा से किसी बात को लेकर बातचीत हुई और अचानक कटारा ने पवन को अपने हाथ से जोरदार तमाचा मार दिया।
पुलिस अधिकारी के हाथ में थी चाबी
पवन का कहना है कि पुलिस अधिकारी के हाथ में चाबी थी, जिसके कारण थप्पड़ मारने से उसके कान पर गहरी चोट आई और उसका कान फट गया। युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया और टांके लगाए गए। पवन ने इस घटना के बाद पूरी स्थिति की जानकारी पुलिस को दी और जल्द ही मामला सोशल मीडिया और स्थानीय समुदाय में फैल गया।
सब इंस्पेक्टर को किया गया लाइन अटैच
इस घटना के बाद समाज के दर्जनों लोगों ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और आरोपी सब इंस्पेक्टर दिलीप कटारा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी सब इंस्पेक्टर दिलीप कटारा को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह के अनुशासनहीनता को रोका जा सके।
(रिपोर्ट- राम यादव)
ये भी पढ़ें-
"मुसलमानों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन", वक्फ कानून के खिलाफ अब DMK पहुंची सुप्रीम कोर्ट
नकली पिस्तौल दिखा छात्रा ने कॉलेज में काटा बवाल, स्टाफ को धमकाया, जमकर की तोड़फोड़- VIDEO