1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. रीवा में कानून व्यवस्था को चुनौती, हाथ में कट्टा लेकर युवती ने बनाई रील, इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल

रीवा में कानून व्यवस्था को चुनौती, हाथ में कट्टा लेकर युवती ने बनाई रील, इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के रीवा से एक वीडियो सामने आया जिसने पूरे पुलिस महकमे को हैरत में डाल दिया। दरअसल एक लड़की का वीडियो वायरल हुआ जो हाथ में कट्टा लहराती नजर आई।

Rewa- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कट्टा लहराती लड़की।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और उनके दम पर रौब झाड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में शहर के भीतर हुई फायरिंग की कुछ गंभीर वारदातों के बाद अब सोशल मीडिया पर एक युवती का पिस्तौल के साथ रील बनाना भारी चर्चा का विषय बन गया है। इंस्टाग्राम पर रील्स पोस्ट होने के बाद यह वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और अवैध हथियारों की आसान पहुंच पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस अधीक्षक ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

वायरल हुआ वीडियो

मिली जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर manu_rewa नाम के एक हैंडल से दो वीडियो पोस्ट किए गए हैं। इन वीडियो में दिख रही युवती हाथ में कथित तौर पर एक अवैध कट्टा या पिस्टल लेकर उसका प्रदर्शन करती हुई नजर आ रही है। इंटरनेट पर सामने आने के बाद इन वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं और कमेंट सेक्शन में लोग पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठा रहे हैं। हथियार के साथ युवती का यह बेखौफ अंदाज अब पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले

यह कोई पहला मामला नहीं है जब रीवा में युवाओं के सिर पर हथियार के प्रदर्शन का भूत सवार हुआ हो। इससे पहले भी वीडियो कॉल के दौरान सरेआम पिस्टल का प्रदर्शन करने वाले एक सनकी युवक का वीडियो सामने आया था, जिस पर समान थाना पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया था। पुलिस ने न सिर्फ उस युवक को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया था, बल्कि उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज किया था। इसके बावजूद रील्स के जरिए लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने की चाह में युवा लगातार हथियारों का सहारा ले रहे हैं।

पुलिस चला रही विशेष अभियान

रीवा पुलिस इन दिनों शहर में अवैध हथियारों की तस्करी, खुलेआम फायरिंग और सोशल मीडिया पर हथियारों का भौकाल दिखाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चला रही है। ऐसे में यह नया वीडियो पुलिस के सामने एक खुली चुनौती की तरह आया है। मामले पर रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ गुरुकरण सिंह का कहना है, 'सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे युवती के वीडियो की जांच साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की मदद से कराई जा रही है। सबसे पहले वीडियो की प्रामाणिकता और युवती की पहचान स्थापित की जा रही है। यदि जांच में वीडियो में दिख रहा हथियार अवैध पाया जाता है तो आरोपी युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट की उचित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'

रिपोर्ट: अशोक मिश्रा

ये भी पढ़ें: छतरपुर में लवर संग भागी दादी, पीड़ित पति ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप