1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. छतरपुर में लवर संग भागी दादी, पीड़ित पति ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

छतरपुर में लवर संग भागी दादी, पीड़ित पति ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 25, 2026 05:42 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 05:42 pm IST

मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो आपको हैरान करेगा। एक महिला अपने प्रेमी संग फरार हो गई। वो अपने पति, बच्चों और नाती-पोतों को छोड़ प्रेमी संग भाग गई है। पति का दावा है कि उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है।

Chatarpur news- India TV Hindi
पीड़ित पति और भागने वाली दादी। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन बच्चों की मां अपने कथित प्रेमी के साथ घर से लापता हो गई है। पीड़ित पति ने अब पुलिस अधीक्षक दफ्तर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पति का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने उसकी पत्नी को अपने जाल में फंसाया और अब वह उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादीशुदा बच्चों की मां को भगा ले गया कारपेंटर

मिली जानकारी के मुताबिक छतरपुर के खेरे की देवी मंदिर के पास रहने वाले बबलू कुशवाहा की पत्नी किरन कुशवाहा अचानक घर से लापता हो गई हैं। पीड़ित पति का आरोप है कि कारपेंटर का काम करने वाले फरीद खान नाम के युवक ने पहले उसकी पत्नी से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। हैरान करने वाली बात यह है कि लापता महिला के तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है और वे खुद नानी और दादी बन चुकी हैं।

छह महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग

एसपी को दिए आवेदन में पीड़ित पति बबलू कुशवाहा ने बताया कि उसकी पत्नी किरन का पिछले करीब 6 महीने से फरीद खान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। फरीद का उनके घर आना-जाना भी था। पीड़ित के अनुसार, करीब 3 महीने पहले भी उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी, हालांकि तब वह दो दिन बाद वापस आ गई थी। लेकिन इस बार 18 जून को वह दोबारा बिना बताए लापता हो गई। छानबीन करने पर पीड़ित को पता चला कि आरोपी फरीद खान उसे अपने साथ ले गया है और कहीं छिपाकर रखा है।

पति ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप

पीड़ित पति ने एसपी कार्यालय में आवेदन सौंपकर आरोपी फरीद खान पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बबलू कुशवाहा का कहना है कि आरोपी उसकी पत्नी को डरा-धमकाकर या बहला-फुसलाकर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराने और उसे मुस्लिम बनाने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित ने कोतवाली थाने में उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है ताकि उसकी पत्नी को सुरक्षित वापस लाया जा सके।

मामले पर आधिकारिक बयान सामने आया है। सीएसपी अरुण सोनी ने कहा, 'मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पीड़ित पति द्वारा दिए गए आवेदन और आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही महिला का पता लगाकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।'

रिपोर्ट- प्रेम गुप्ता

ये भी पढ़ें: उज्जैन में ढहा दो मंजिला मकान, मलबे में दबने से 12 साल के मासूम ने तोड़ा दम, बुजुर्ग महिला बुरी तरह घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।