1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'शनि शिंगणापुर मंदिर से तुरंत हटाए जाएं 114 मुस्लिम कर्मचारी', हिंदू संगठन ने दी चेतावनी

'शनि शिंगणापुर मंदिर से तुरंत हटाए जाएं 114 मुस्लिम कर्मचारी', हिंदू संगठन ने दी चेतावनी

शनि शिंगणापुर मंदिर में मुस्लिम कर्मचारियों के काम करने को लेकर बड़ा बवाल हो गया है। हिंदू संगठनों ने इसे लेकर कड़ी अपत्ति जताई है। सकल हिंदू समाज द्वारा विराट मोर्चा निकालने की चेतावनी भी दी गई है।

shani shingnapur mandir- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शनि शिंगणापुर मंदिर

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री क्षेत्र शनि शिंगणापुर मंदिर में मुस्लिम कर्मचारियों की नियुक्ति का विवाद बढ़ गया है। शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट में काम करने वाले 114 मुस्लिम कर्मचारियों के खिलाफ हिंदू संगठन आक्रामक हो गया है। संगठन की मांग है कि ट्रस्ट सभी मुस्लिम कर्मचारियों को तत्काल काम से निकाले वरना 14 जून को मंदिर के बाहर सकल हिंदू समाज द्वारा विराट मोर्चा निकाला जाएगा।

मंदिर ट्रस्ट का क्या है पक्ष?

वहीं, इस पर मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि ये सही है कि मंदिर ट्रस्ट में कुल 114 मुस्लिम कर्मचारी नौकरी करते हैं लेकिन मंदिर परिसर में एक भी मुस्लिम कर्मचारी की ड्यूटी नहीं है। मंदिर ट्रस्ट के कृषि विभाग, कुड़ा व्यवस्थापन विभाग और शिक्षा विभाग में ये मुस्लिम कर्मचारी काम करते हैं। 114 मुस्लिम कर्मचारियों में से 99 कर्मचारी पिछले 5 महीने से काम पर नहीं आ रहे हैं। इन सभी कर्मचारियों की तनख्वाह रोक दी गई है। बचे हुए 15 कर्मचारियों में से कुछ कर्मचारी पिछले 20 साल से ट्रस्ट में काम कर रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

मामला 21 मई 2025 को तब गरमाया जब मंदिर के पवित्र चबूतरे पर मुस्लिम कारीगरों द्वारा ग्रिल लगाने और शनिदेव भगवान के चबूतरे की सफाई और रंगरोगन का कार्य किया गया। इस घटना का पता लगने के बाद महाराष्ट्र मंदिर महासंघ और हिंदुत्ववादी संगठनों ने तीव्र आपत्ति जताई। जिसके बाद अब मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड ने परिसर के सभी मुस्लिम कर्मचारियों को काम से हटा दिया है।