1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में 10वीं मंजिल से गिरने से 12 साल के बच्चे की मौत, लिफ्ट से टेक लगाकर खड़ा था, अचानक खुल गए दरवाजे

मुंबई में 10वीं मंजिल से गिरने से 12 साल के बच्चे की मौत, लिफ्ट से टेक लगाकर खड़ा था, अचानक खुल गए दरवाजे

मुंबई में 10वीं मंजिल से गिरकर एक बच्चे की मौत होने का मामला सामने आया है। बच्चा लिफ्ट में टेक लगाकर खड़ा था, उसी दौरान लिफ्ट का दरवाजा अचानक खुल गया और बच्चा 10वीं मंजिल से तीसरी मंजिल पर आकर गिरा।

Mumbai- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC 10वीं मंजिल से गिरकर एक बच्चे की मौत

मुंबई: मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मुंबई के नेहरू नगर स्थित शमीम टावर में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां 10वीं मंजिल से गिरने से एक 12 साल के बच्चे की मौत हो गई है। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। 

क्या है पूरा मामला?

एक पड़ोसी ने बताया, "यहां लिफ्ट में लगातार खराबी आ रही है और ये समस्या नई नहीं है बल्कि कई महीनों से है। 7 महीनों से हम लिफ्ट की समस्या से जूझ रहे हैं। हमारी मंजिल पर बिजली नहीं थी, इसलिए अंधेरा था। लुका-छिपी खेलते समय बच्चे अक्सर लिफ्ट के पास कोनों में छिप जाते थे।"

दूसरे बच्चों ने बताया कि जिस बच्चे की मौत हुई, वह लिफ्ट के पास कोने में छिपा हुआ था और लिफ्ट से टेक लगाकर खड़ा था, तभी अचानक दरवाजे खुल गए। वह 10वीं मंजिल से तीसरी मंजिल पर गिर गया। बच्चे की मौत हो गई।

हाल ही में भारी बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 6 लोगों की हुई थी मौत

मुंबई में आए दिन हादसे हो रहे हैं। हाल ही में मुंबई में भारी बारिश से बिल्डिंग का स्लैब गिर गया था, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। ये घटना मुंबई के मानखुर्द इलाके में हुई थी। मृतकों में महिलाएं भी शामिल थीं। मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।

गौरतलब है कि मुंबई में इस समय भारी बारिश हो रही है। हालात ये हैं कि सड़कों पर पानी भरा हुआ है और वाहन डूबे हुए हैं। कई जगहों पर पेड़ गिरने की भी घटनाएं हुई हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका संचालित स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी है। 

बारिश का असर यातायात समेत हवाई उड़ानों और ट्रेनों पर भी पड़ा है। यात्रा करने वाले यात्रियों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। 

भारी बारिश की वजह से मुंबई में जर्जर हो चुकी इमारतों पर भी असर पड़ रहा है और लोग डरे हुए हैं कि कहीं ये इमारतें भी ढह न जाएं। 

ये भी पढ़ें- 

मुंबई में ट्रैक पर भरे पानी को चीरती हुई निकली वंदे भारत ट्रेन, वायरल हुआ वीडियो