1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बीड में बड़ा ब्लैकमेलिंग कांड: निजी वीडियो बनाकर वसूले 47 लाख, नेपाली युवतियों पर आरोप, ऐसे हुआ पर्दाफाश

बीड में बड़ा ब्लैकमेलिंग कांड: निजी वीडियो बनाकर वसूले 47 लाख, नेपाली युवतियों पर आरोप, ऐसे हुआ पर्दाफाश

महाराष्ट्र के बीड जिले में टैंगो ऐप के जरिए एक व्यापारी को जाल में फंसाकर 47 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो नेपाली युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

नेपाली युवतियों पर आरोप, व्यापारी से वसूले 47 लाख रुपये- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नेपाली युवतियों पर आरोप, व्यापारी से वसूले 47 लाख रुपये

महाराष्ट्र के बीड जिले में ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो नेपाली युवतियों ने 'टैंगो' ऐप के जरिए एक उच्चशिक्षित व्यापारी को अपने जाल में फंसाया, उनका निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर बैंक खातों व क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से करीब 47 लाख रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने प्रिया देवी प्रसाद और तमन्ना रावत के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ब्लैकमेल कर वसूले 47 लाख रुपये

शिकायत के मुताबिक, आरोपी युवतियों ने व्यापारी का निजी वीडियो रिकॉर्ड कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी महिलाएं नेपाली नागरिक हैं और उन्होंने भारत में कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बनवा रखे थे। इसके अलावा, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ये युवतियां भारतीय लड़कियों को अवैध तरीके से विदेश में देह व्यापार के लिए भेजने के रैकेट से भी जुड़ी हो सकती हैं। व्यापारी द्वारा पुख्ता सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए बढ़ रहा हनीट्रैप और ठगी का जाल

बीड की यह घटना इस बात का प्रमाण है कि किस तरह आज कल ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स साइबर अपराधियों और ब्लैकमेलर्स का अड्डा बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला नागपुर के सदर थाना क्षेत्र से भी सामने आया था, जहां एक संगठित रैकेट ने डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाया। नागपुर में एक बार संचालक दंपति और उनके साथियों ने 'हैप्पी' नामक डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक को अपने जाल में फंसाया। आरोपी लड़की ने युवक को LIC चौक के पास एक बार में बुलाया, जहां महंगी शराब और खाने के नाम पर उससे जबरन 34 हजार से अधिक का भारी-भरकम बिल वसूला गया और विरोध करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी गई। नागपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस रैकेट का पर्दाफाश किया और आरोपियों को दबोचा।

(महाराष्ट्र के बीड जिले से आमिर हुसैन की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

पति ने सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, हत्या कर हुआ फरार; पुलिस ने दबोचा