1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अवैध रेत ले जा रहे ट्रक का पीछा कर रही थीं SDM, माफिया की बोलेरो ने पलटा दी गाड़ी, बाल-बाल बची जान

अवैध रेत ले जा रहे ट्रक का पीछा कर रही थीं SDM, माफिया की बोलेरो ने पलटा दी गाड़ी, बाल-बाल बची जान

एसडीएम अपने पति के साथ कार में मौजूद थीं और अवैध तरीके से रेत का परिवहन कर रहे ट्रक का पीछा कर रही थीं। इसी दौरान बोलेरो से उनकी कार को कट मारा गया। इससे उनकी गाड़ी पलट गई।

SDM Madhuri and sand mafia bhandara- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एसडीएम माधुरी (बाएं), रेत का अवैध खनन करते वाहन (दाएं)

महाराष्ट्र के भंडारा में अवैध रेत का परिवहन कर रहे ट्रक का पीछा करने पर माफिया ने एसडीएम पर ही जानलेवा हमला कर दिया। बोलेरो से कट मारकर उनकी गाड़ी पलटा दी गई। इस घटना में एसडीएम माधुरी विट्ठल तिखे और उनके पति घायल हुए हैं। नौ अक्टूबर को सुबह पांच बजे भंडारा की उपविभागीय अधिकारी माधुरी अवैध रेत के कारोबार का पर्दाफाश करने निकली थीं। वह अवैध रेत से भरे ट्रक का पीछा कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई बोलेरो ने कट मारते हुए उनकी गाड़ी पलटा दी।

जानकारी के अनुसार एसडीएम माधुरी तिखे को गुप्त सूचना मिली थी कि चांदोरी-पचखेड़ी मार्ग पर कुछ ट्रक अवैध रेत परिवहन कर रहे हैं। सुबह करीब पांच बजे वे अपनी सरकारी अर्टिगा कार में अपने पति के साथ मौके पर निकलीं। रास्ते में उन्हें एक संदिग्ध ट्रक (MH 36 AA 106) रेत से भरा हुआ दिखाई दिया। माधुरी तिखे ने तुरंत ‘महा खनिज’ मोबाइल ऐप से जांच की और सच्चाई सामने आ गई। ट्रक में भरी रेत की रॉयल्टी नहीं भरी गई थी यानी रेत चोरी की थी। एसडीएम ने ट्रक का पीछा शुरू किया।

कट मारकर पलटाई SDM की कार

अवैध रेत से लदे ट्रक की सुरक्षा में चल रही एक बोलेरो (MH 36 AL 2853) ने अचानक SDM की गाड़ी के आगे कट मारा। कई बार ब्रेक मारकर और सड़क रोककर बोलेरो चालक ने सरकारी वाहन को नीचे धकेलने की कोशिश की। पचखेड़ी श्मशान भूमि के पास बने टी-पॉइंट पर बोलेरो ने जोरदार कट मारा, जिससे एसडीएम की अर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। गाड़ी पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एसडीएम माधुरी तिखे और उनके पति दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और भंडारा जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

एसडीएम के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भंडारा जिले की कारधा थाना पुलिस ने ट्रक चालक और बोलेरो चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालना और अन्य गंभीर धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस जांच तेज

पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से जानलेवा हमला करने का प्रयास है। अधिकारी पर हमला प्रशासनिक तंत्र को चुनौती देने जैसा है। आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। महाराष्ट्र के भंडारा, गोंदिया और तिरोड़ा क्षेत्र में लंबे समय से रेत माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय है। पहली बार किसी एसडीएम पर इस तरह का सीधा हमला हुआ है। घटना के बाद प्रशासनिक तंत्र में खलबली मच गई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई है।

(भंडारा से रवि आर्य की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'किसानों को कर्जमाफी की लत लग गई है', मंत्री के बयान से खड़ा हुआ सियासी तूफान, विपक्ष ने मांगा इस्तीफा

"D-कंपनी के नाम पर रिंकू सिंह से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी", पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को धमकी देने वाले आरोपी का खुलासा