1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बाइक सवार पर अचानक गिरा जन्मदिन का बैनर, VIDEO आया सामने; स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग

बाइक सवार पर अचानक गिरा जन्मदिन का बैनर, VIDEO आया सामने; स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग

ठाणे में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर लगा एक बैनर अचानक बाइक से जा रहे लोगों के ऊपर गिर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।

बाइक सवारों के ऊपर गिरा बैनर।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बाइक सवारों के ऊपर गिरा बैनर।

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। यहां हाईवे पार करने के लिए बनाए गए फुटओवर ब्रिज पर एक बैनर लगा हुआ था, जो किसी के जन्मदिन की बधाई के लिए लगाया गया था। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि यह बैनर अचानक टूटकर गिरने लगता है। इसी दौरान हाईवे पर कई वाहन जिनमें कार और बाइकें भी जा रही थीं। तभी यह बैनर टूटकर एक बाइक सवार के सिर पर गिर गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बैनर गिरने के बाद बाइक सवार कुछ देर के लिए असहज हो गए। हालांकि उन्होंने बाइक को किनारे लगाया और बैनर को हटाया। वहीं इस घटना के बाद से लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। 

बाइक के ऊपर टूटकर गिरा बैनर

दरअसल, ठाणे के ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे स्थित तीन हाथ नाका इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां फुटओवर ब्रिज पर लगाया गया जन्मदिन का एक बड़ा बैनर अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार के सिर पर बैनर आ गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर चोट या जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर फुटओवर ब्रिज पर इतना बड़ा बैनर किसकी अनुमति से लगाया गया था। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि क्या इसे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लगाया गया था या नहीं।

लापरवाही के प्रति स्थानीय लोगों में आक्रोश

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की तत्काल जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि सार्वजनिक सड़कें और फुटओवर ब्रिज विज्ञापन या प्रचार-प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए होते हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे अवैध और असुरक्षित बैनरों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है। (इनपुट- सय्यद नकी हसन)

यह भी पढ़ें-

सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, 150 फुट गहरी खाई में गिरी कार, तीन की मौत, एक गंभीर घायल