A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई गैरमराठी रिक्शा चालकों के लिए बीजेपी की मराठी की पाठशाला, 2 पन्नों की खास बुकलेट बांटी

मुंबई गैरमराठी रिक्शा चालकों के लिए बीजेपी की मराठी की पाठशाला, 2 पन्नों की खास बुकलेट बांटी

महाराष्ट्र में रहने वाले रिक्शा चालकों को मराठी सीखने के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया गया है। बीजेपी व शिंदे शिवसेना की ओर से गैर-मराठी रिक्शा चालकों को मराठी सिखाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Auto Driver- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई में ऑटो चालक

प्रताप सरनाइक के निर्देश के बाद मुंबई में रिक्शा-टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा सीखने को लेकर अभियान तेज हो गया है। सरकार ने एक मई से मराठी सीखना अनिवार्य करने का फैसला लागू किया है, हालांकि चालकों को 15 अगस्त तक मराठी सीखने की मोहलत दी गई है। इसी बीच अब इस मुद्दे पर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है और बीजेपी व शिंदे शिवसेना की ओर से गैर-मराठी रिक्शा चालकों को मराठी सिखाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में आज मुंबई के बांद्रा इलाके में बीजेपी ट्रांसपोर्ट विंग की ओर से रिक्शा चालकों के लिए मराठी सीखो अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों रिक्शा चालक शामिल हुए। इस दौरान चालकों को दो पन्नों की एक विशेष बुकलेट बांटी गई, जिसमें रोजमर्रा के कामकाज में इस्तेमाल होने वाली आसान मराठी भाषा को शामिल किया गया है ताकि रिक्शा चालक आसानी से उसे सीख सकें।

रिक्शा चालकों को मराठी सीखने की शपथ दिलाई

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक और बीजेपी ट्रांसपोर्ट विंग के पदाधिकारियों ने बुकलेट का विमोचन किया और रिक्शा चालकों को मराठी सीखने और मराठी भाषा का सम्मान करने की शपथ भी दिलाई गई। रिक्शा चालकों का कहना है कि उन्होंने अब थोड़ी-बहुत मराठी सीखनी शुरू कर दी है और सरकार की तरफ से सहयोग मिलने के कारण उन्हें अब यह डर नहीं है कि मराठी नहीं आने पर उनका लाइसेंस रद्द होगा या उन्हें महाराष्ट्र छोड़ना पड़ेगा।

2 पेज की गाइडलाइन बनाई

बीजेपी ट्रांसपोर्ट विंग के नेता हाजी अराफ़ात  शेख ने कहा कि सरकार ने 15 अगस्त तक की मोहलत दी है, इसलिए संगठन की भी जिम्मेदारी बनती है कि रिक्शा चालकों को मराठी सिखाई जाए। उन्होंने कहा कि पहले जो 200 पन्नों की किताब थी, उसे घटाकर सिर्फ दो पन्नों की कामचलाऊ मराठी गाइड बनाई गई है ताकि चालक आसानी से भाषा सीख सकें। हाजी अराफ़ात शेख ने बिना नाम लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनका उद्देश्य रिक्शा चालकों को रोजगार बचाने में मदद करना है।

परिवहन मंत्री का बयान

वहीं परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से रिक्शा-टैक्सी चालकों को मराठी सीखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार चालकों के साथ खड़ी है और उम्मीद है कि 15 अगस्त तक अधिकतर चालक कामचलाऊ मराठी सीख जाएंगे। सरनाइक ने यह भी कहा कि यह किसी के क्रेडिट लेने का मुद्दा नहीं बल्कि मराठी अस्मिता से जुड़ा विषय है।

यह भी पढ़ें-

8वीं मंजिल की बालकनी से लटकी रही, फिर छूटा हाथ, पति से झगड़े के बाद लगाई छलांग; रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO आया सामने

फेल होने के डर से सोहम ने कर ली आत्महत्या, रिजल्ट आया तो पास था, आदित्य 63% लाकर भी फांसी पर झूल गया