कैप्टन स्मित मच्छार सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में सर्जरी के बाद ठीक हो रहे हैं। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी सर्जरी की गई। फिलहाल उनकी हालत में सुधार की जानकारी सामने आई है। दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट के कॉकपिट में चाकूबाजी की घटना में कैप्टन बुरी तरीके से घायल हो गए थे।
सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ परिवार
भारत सरकार कैप्टन स्मित मच्छार के मामले को लेकर सऊदी अरब और UAE की सरकारों के संपर्क में है। वहीं, कैप्टन स्मित का परिवार कल रात मुंबई से सऊदी अरब के लिए रवाना हो गया है। परिवार उनके साथ रहने और इलाज के दौरान उनका सहयोग करने के लिए सऊदी पहुंच रहा है।
फ्लाईदुबई ने उड़ानें अस्थायी रूप से रोकीं
इस बीच फ्लाईदुबई ने 30 सितंबर को फ्लाइट FZ 1073 से जुड़ी घटना के बाद बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि जांच पूरी होने तक इजरायल आने-जाने वाली उसकी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल कर रही फ्लाईदुबई
फ्लाईदुबई ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल कर रही है और यात्रियों, क्रू तथा अपने संचालन की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन के मुताबिक, उड़ानों पर यह अस्थायी रोक संबंधित अधिकारियों को जांच जारी रखने और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाने में मदद करेगी।
जांच में पूरा सहयोग करेगी एयरलाइन
एयरलाइन ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है और अपने पूरे नेटवर्क में सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। फ्लाईदुबई ने सरकारी अधिकारियों, नियामकों और एयरपोर्ट से जुड़े पक्षों के साथ लगातार संपर्क में रहने की बात कही है।
घटना को लेकर फ्लाईदुबई ने मांगी माफी
एयरलाइन ने यह भी कहा कि जांच से जुड़ी नई जानकारी सामने आने के बाद उड़ानों पर लगाई गई रोक की समीक्षा की जाएगी। जिन यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है, उनसे फ्लाईदुबई ने माफी मांगी है। जहां संभव होगा, वहां सहायता तथा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराने की बात कही है।
ये भी पढ़ें:
174 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट को लेकर PM मोदी का पहला बयान, बोले- 'कैप्टन स्मित मच्छार हीरो हैं...'