1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. छगन भुजबल को महाराष्ट्र कैबिनेट में मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानें कौन सा विभाग मिला

छगन भुजबल को महाराष्ट्र कैबिनेट में मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानें कौन सा विभाग मिला

छगन भुजबल को महाराष्ट्र कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट में छगन भुजबल को खाद्य और आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले यह विभाग धनंजय मुंडे के पास था।

छगन भुजबल को खाद्य और आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई।- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE छगन भुजबल को खाद्य और आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई।

मुंबई: हाल ही में महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट का विस्तार किया गया था। इस विस्तार के दौरान छगन भुजबल को कैबिनेट में शामिल किया गया था। वहीं आज छगन भुजबल को कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। बता दें कि महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट में छगन भुजबल को खाद्य और आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले यह विभाग धनंजय मुंडे के पास था। बता दें कि धनंजय मुंडे की जगह पर ही छगन भुजबल को तीन दिन पहले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। ऐसे में मुंडे को दिया गया खाद्य और आपूर्ति विभाग विभाग अब छगन भुजबल को दिया गया है। 

20 मई को हुआ कैबिनेट विस्तार

बता दें कि इससे पहले धनंजय मुंडे ने महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया था, जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि यह पद किसे दिया जाएगा। ऐसे में महाराष्ट्र में 20 मई को फडणवीस सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता छगन भुजबल ने मंत्री पद की शपथ ली। भुजबल ने राजभवन में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फड़णवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद रहे।

मुंडे ने क्यों दिया इस्तीफा

दरअसल, महाराष्ट्र के बीड में सरपंच संतोष देशमुख की हत्या को लेकर धनंजय मुंडे को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इन आरोपों की वजह से ही धनंजय मुंडे ने इस्तीफा दिया। धनंजय मुंडे ने इसे लेकर कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी और चिकित्सा कारणों पर विचार करने के बाद महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। वहीं सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी एक पोस्ट में मुंडे ने यह कहा कि बीड जिले के मसाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की जघन्य हत्या से संबंधित तस्वीरें देखकर वह बेहद दुखी हैं। बता दें कि विपक्ष लगातार धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग कर रहा था।