1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चेतन और सिया को कोर्ट ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा, जानें क्या-क्या सबूत करने हैं इकट्ठे?

चेतन और सिया को कोर्ट ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा, जानें क्या-क्या सबूत करने हैं इकट्ठे?

वडगांव मावल कोर्ट ने चेतन और सिया को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस दौरान पुलिस कई अहम बिंदुओं की जांच करेगी। आइये जानते हैं कि इस मामले में अभी भी क्या-क्या जांच होनी बाकी है।

केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़े सबूत इकट्ठा करेगी पुलिस।- India TV Hindi
Image Source : FILE केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़े सबूत इकट्ठा करेगी पुलिस।

केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में वडगांव मावल कोर्ट ने सिया और चेतन को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत ने भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में 13 आर्टिकल जब्त किए गए हैं। इसके अलावा केस से जुड़े और भी सबूत जब्त करने हैं। इस वजह से दोनों को पुलिस हिरासत में भेजा गया है। यह भी पता करना है कि दोनों अलग-जगह पर रहते है तो भी कहां मिलकर इन्होंने हत्या का प्लान बनाया था। पुलिस यह पता करेगी कि पहले से धक्का देने की प्रैक्टिस दोनों ने मिलकर की थी? क्या दोनों आरोपी लोहगढ़ फोर्ट की रेकी करने पहले भी गए थे?

पासपोर्ट से संबंधित पूछताछ बाकी

वहीं पुलिस की टीम चेतन को लेकर लोहगढ़ जाएगी, जहां क्राइम सिन रीक्रिएट किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस की टीम व्हाट्सऐप कॉल डेटा और चैट डेटा की भी रिट्राइव करेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी चेतन फुलपैंट पहन कर गया था, लेकिन बाद में उसने चेंज कर लिया था। ऐसे में उसकी फुल पैंट जब्त करना अभी बाकी है। वहीं पुलिस यह भी जांच करेगी कि दोनों ने कहां और कैसे पासपोर्ट को डिस्पोज किया था। क्या पासपोर्ट फाड़ने के पीछे का मकसद प्री-प्लांड था। पुलिस का मानना है कि मर्डर की प्लानिंग पहले से थी, इसलिए उन्होंने बाली न जाने देने के लिए पासपोर्ट नष्ट किया था।

कैब ड्राइवर ने किए खुलासे

वहीं बाली ट्रिप के लिए सिया गोयल को मुंबई एयरपोर्ट ले जाने वाले कैब ड्राइवर ने सफर के दौरान हुई घटनाओं के बारे में नए दावे किए हैं। सिया और केतन अपने प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जा रहे थे और उन्होंने पुणे से मुंबई एयरपोर्ट तक के लिए एक कैब बुक की थी। कैब ड्राइवर ने बताया कि सिया बाली जाने को तैयार नहीं थी और उसने कार में बैठने से मना कर दिया। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई साहिल ने उसका हाथ पकड़ा और जबरदस्ती उसे कैब में बिठाया। पुणे से पिंपरी-चिंचवड़ के रावेत तक के सफर के दौरान, सिया और साहिल के बीच कार में बहस हुई। ड्राइवर ने बताया कि किवाले लोढ़ा पहुंचने के बाद, केतन और उसके परिवार के कुछ सदस्य भी मुंबई एयरपोर्ट जाने के लिए उनके साथ हो लिए।

टी-ब्रेक में गायब हुआ पासपोर्ट

यात्रा के दौरान, वे चाय और स्नैक्स के लिए एक फूड कोर्ट में रुके। ड्राइवर का आरोप है कि जब बाकी सब लोग दूर थे, तो सिया कुछ लेने के बहाने पार्क की हुई कार के पास लौटी और कार से कुछ चीजें निकालकर अपनी जेब में रख लीं, और फिर परिवार के बाकी सदस्यों के पास चली गई। ड्राइवर के अनुसार, यात्रियों को मुंबई एयरपोर्ट पर छोड़ने के बाद, केतन ने उसे फोन करके बताया कि उसका कुछ सामान कैब में ही छूट गया था, जिसमें उसका पासपोर्ट भी शामिल था। ड्राइवर ने बताया कि वह सामान लौटाने के लिए एयरपोर्ट वापस गया, लेकिन केतन का पासपोर्ट नहीं मिला। माना जा रहा है कि फूड कोर्ट में रुकने के दौरान सिया ने ही पासपोर्ट ले लिया होगा।

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु में हिस्ट्रीशीटर की बीच सड़क पर फिल्मी स्टाइल में हत्या, देर तक किया पीछा; फिर सड़क पर ही काट डाला