महाराष्ट्र में एक भजन कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेता और पूर्व विधायक कैलाश गोरंट्याल पर नोटों की बारिश किए जाने का वीडियो सामने आया है। इस घटना ने ऐसे समय में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है, जब यह इलाका सूखे और पानी की भारी किल्लत से जूझ रहा है।
विपक्षी दल शिवसेना (यूबीटी) और बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना के नेता व महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट ने इस घटना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या ऐसी स्थिति में यह सब करना उचित है, जबकि किसान फसल के नुकसान, बढ़ते कर्ज और पानी व चारे की कमी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
सूखे की चपेट में महाराष्ट्र
दरअसल, महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 358 तहसीलों में से 305 तहसीलों में सूखा घोषित किया है। सूखे से निपटने के लिए सरकार की ओर से राहत उपायों की घोषणा भी की गई है। वहीं, दूसरी ओर बारिश की कमी के चलते किसानों की खड़ी फसलें खेतों में ही सूखकर बर्बाद हो रही हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई किसानों को अपनी फसलों पर रोटावेटर चलाना पड़ा है। आंखों में आंसू और दिल में दर्द लिए किसान मुश्किल हालात में दिन गुजार रहे हैं। अभी हाल में ही शरद पवार से सरकार से किसानों को राहत पैकेज देने की मांग की थी।
यहां देखें वीडियो
पूर्व विधायक पर उड़ाए गए नोट
ऐसे में सूखे की मार झेल रहे जालना में बीजेपी के नेता पर नोटों की बारिश की गई। इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी जताई जा रही है। जालना शहर के मंमादेवी मंदिर परिसर में बीती रात आयोजित भजन कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल पर नोट उड़ाए गए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के आग्रह पर गोरंट्याल ने भी डांस किया। वह ‘मैं हूं डॉन’ गाने पर थिरकते नजर आए।
बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के कहने पर गोरंट्याल भजनों पर नाचने लगे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने उन पर 500 और 200 रुपये के नोट उड़ाए। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह पैसे उड़ाने की आलोचना हो रही है।
लोगों ने की बीजेपी नेता की आलोचना
भजन कार्यक्रम में बीजेपी नेता के डांस करने और उन पर नोट उड़ाए जाने की खबर सामने आने के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। एक तरफ किसान बारिश की कमी के कारण अपनी फसलें बर्बाद होते देख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सूखाग्रस्त इलाके में इस तरह नोट उड़ाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः दिवाली से पहले किसानों के खातों में आएंगे 5000 रुपये, सूखे की मार झेल रहे अन्नदाताओं को महाराष्ट्र सरकार का तोहफा
महाराष्ट्र में सूखे के बीच नई कारों की खरीद पर सियासत तेज, सरकार पर विपक्ष का हमला