नागपुर: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बिहार में महागठबंधन की हार और उस पर राहुल गांधी के रिएक्शन पर तंज कसा है। देवेंद्र फडणवीस ने साफ कह दिया कि आत्मपरीक्षण ना करने वाले मिट्टी में जाएंगे और उनकी मिट्टी पलीद होगी। फडणवीस ने कहा कि जो जीता वही सिकंदर, बाकी हारने के बाद हार स्वीकार करना आना चाहिए। जान लें कि बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 6 सीटों पर सिमट गई। इसके बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर आरोप लगाए थे।
फडणवीस ने क्यों कही मिट्टी पलीद वाली बात?
नागपुर में राहुल गांधी पर बोलते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जब तक वो आत्मपरीक्षण नहीं करेंगे, वो मिट्टी में ही जाएंगे और मिट्टी पलीद हो जाएंगे। सीएम फडणवीस ने आगे कहा कि जो भी हारता है उसे बड़े मन से अपनी गलतियों को स्वीकार करना आना चाहिए। उसे आत्मपरीक्षण करना चाहिए लेकिन आत्मपरीक्षण करना हमारे विरोधी पक्ष को मान्य नहीं है।
राहुल गांधी ने EC पर लगाए थे ये आरोप
जान लें कि राहुल गांधी ने बिहार चुनाव का रिजल्ट आने के बाद एक्स पर पोस्ट किया था, ''मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।''
BMC चुनाव पर सीएम फडणवीस का बयान
वहीं, मुंबई महानगरपालिका चुनाव में कांग्रेस के अकेले मैदान में उतरने के सवाल पर रिएक्शन देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विरोधी पक्ष साथ लड़ रहा है या अकेले लड़ रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुंबई की जनता को महायुति पर विश्वास है। महाराष्ट्र की जनता ने महायुति का महापौर बनाने का निश्चय किया है। विपक्ष कैसे लड़ेगा, ये उनका निर्णय है।
ये भी पढ़ें-
Explainer: महिला शक्ति ने दिलाई NDA को ऐतिहासिक जीत, साल 2010 से 2025 तक कितना सुधरा महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत?
Bihar Election Results 2025: प्रशांत किशोर की जनसुराज कहां-कहां बनी ''वोट कटवा''? NDA के इन उम्मीदवारों को हरवाने में निभाई भूमिका!